खुरई में निकला संघ का भव्य पथ संचलन, पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया

खुरई में निकला संघ का भव्य पथ संचलन, पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया

खुरई। विश्व के सबसे बड़े राष्ट्रवादी सामाजिक सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर खुरई नगर में संघ के स्वयंसेवकों ने भव्य पथ संचलन निकाला। किला मैदान से आरंभ होकर नगर के सभी मुख्य मार्गों से निकले पथसंचलन का नगरवासियों ने पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने परसा तिराहे पर पुष्प वर्षा के साथ पथ संचलन का स्वागत किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सैकड़ों स्वयंसेवकों का गणवेश में एकत्रीकरण दोपहर 3ः30 बजे खुरई किला मैदान में हुआ। बीना जिला संघ कार्यवाह चंद्रप्रकाश जी व नगर संघ कार्यवाह प्रदीप जी ने ध्वजारोहण करने के पश्चात मां भारती, संघ के संस्थापक स्व श्री केशव बलिराम हेडगेवार व गुरु स्व श्री सदाशिव गोलवलकर जी के चित्रों पर दीप प्रज्वलन कर शस्त्र पूजन कार्यक्रम किया। राष्ट्र भक्ति से ओजपूर्ण गीतों में स्वर देते सैकड़ों संघ के स्वयंसेवकों का पथ संचलन नेपथ्य में चल रहे वादक वृंद की लय में कदम ताल करते किला मैदान से निकल कर नगर के मुख्य मार्गों की ओर गतिमान हुआ। संघ के पथ संचलन को देखने जुटे सैकड़ों नागरिक जनों में पथ संचलन को देख कर राष्ट्र चेतना, देश प्रेम और संकल्प की ऊर्जा का संचार हुआ जो सभी की भाव-भंगिमाओं से देखने को मिला। नागरिकों ने करतल ध्वनि से पथ संचलन को किला मैदान से रवाना किया। पथ संचलन के साथ खुले जीप वाहन में संघ का भगवा ध्वज लिए ध्वजवाहक चल रहे थे।

परसा चौराहे पर पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेताओं व वार्डवासियों के साथ एक बड़े प्लेटफार्म से पथ संचलन का स्वागत कर रहे थे। इस प्लेटफार्म पर भारत माता की वेशभूषा में एक कन्या राष्ट्रीय ध्वज लेकर खड़ी थीं जो पथ संचलन को अपना आशीर्वाद दे रही थीं। नगर के प्रत्येक मार्ग पर घरों से स्वागत द्वारों से पथ संचलन पर निरंतर पुष्प वर्षा होती रही। आंबेडकर चौराहे के पास जेसीबी मशीनों से पुष्प वर्षा का दृश्य देखा गया। पथ संचलन नगर भ्रमण करते हुए नगर पालिका के मार्ग से वापस किला मैदान पहुंच कर विसर्जित हुआ।

“पथ संचलन ने सभी में राष्ट्रीय चेतना और अनुशासन का भाव जागृत किया – पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह “

पथ संचलन के स्वागत पश्चात परसा चौराहे पर पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश की सामाजिक सांस्कृतिक एकता, अखंडता, धर्म संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ही है। यह विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक सांस्कृतिक संगठन है जिसके शताब्दी वर्ष पर सभी छोटे बड़े स्थानों पर पथ संचलन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करोड़ों स्वयंसेवक राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने की भावना लेकर राष्ट्र चेतना व सेवा के कार्य में लगे हैं।

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लंबे संघर्ष के पश्चात ही अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर पुनः बन सका है। इसके लिए संघ के सैकड़ों स्वयं सेवकों ने अपना बलिदान दिया। राम राज्य की संकल्पना के लिए जो हमारे संविधान में भी है, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सतत कार्य करता है। आज खुरई में इतनी बड़ी संख्या में एकत्रित हो कर स्वयं सेवकों ने अपनी संगठन शक्ति, अनुशासन को पथ संचलन में प्रकट किया है। बहुत बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक भी पथ संचलन में शामिल हुए हैं। सभी नगरवासियों में इस पथ संचलन को लेकर उत्साह था और भव्य स्वागत सभी ने किया है।

Leave a Comment

Read More