
लोकेशन: सागर
सागर। सागर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुरैना बम निरोधक एवं डॉग स्क्वॉड के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान की हालत बिगड़ने पर प्रशासन ने उसे ढाना हवाई पट्टी से एयर एंबुलेंस के माध्यम से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया है।
जानकारी के अनुसार सभी जवान बालाघाट में चल रहे नक्सल-विरोधी अभियान से लौटकर अपने गृह जिले मुरैना जा रहे थे। इसी दौरान सागर–झांसी हाईवे पर बांदरी और मालथौन के बीच उनकी पुलिस गाड़ी की आमने-सामने से टक्कर एक कंटेनर से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आरक्षक राजीव चौहान (उम्र 42 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल एयरलिफ्ट किया गया। सभी मृत जवानों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
Byte: संदीप जी आर,कलेक्टर सागर











