
रोते हुए एसपी ऑफिस पहुंचा परिवार मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के लगाए आरोप, एसपी से की शिकायत
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडी टौरिया निवासी युवक ने अपने ही परिजनों पर मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने शुक्रवार दोपहर 3 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
आवेदक नीरज अहिरवार पिता स्व. गोविंद्र अहिरवार उम्र 24 वर्ष ने शिकायती आवेदन में बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके चाचा के बेटे यशवंत अहिरवार एवं रोशन अहिरवार सहित अन्य परिजन आए दिन बिना किसी कारण गाली-गलौच करते हैं और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देते रहते हैं।
पीड़ित के अनुसार करीब 15 दिन पूर्व आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। उसकी मां लकवे से पीड़ित हैं, जबकि छोटी बहन उमा अहिरवार और छोटा भाई सौरभ भी आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान हैं। आरोप है कि आरोपित उसकी बहन की शादी में भी बाधा उत्पन्न कर रहे हैं और लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
नीरज अहिरवार ने आवेदन में बताया कि पूरे परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है और आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।











