
रथ सभा के साथ मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारी, नशामुक्त युवा भारत का संकल्प
खुरई। युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने कहा कि 10 जनवरी को खुरई नगर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन होने जा रहा है। इस अवसर पर उनका भव्य स्वागत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी के स्वागत हेतु आयोजित रथ सभा खुरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जरवांस, मुकारमपुर, कठेली, बरोदिया नोनगर, सागर नाका होते हुए ग्राम शब्दा से निकाली गई।
अविराज सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य से एक नई पहल की शुरुआत की गई है, जिसके तहत एक व्हाट्सएप नंबर 9893439855 जारी किया गया है। इस नंबर पर खुरई विधानसभा क्षेत्र के नागरिक अपने सुझाव भेज सकते हैं कि क्षेत्र में किन-किन विकास कार्यों की आवश्यकता है और किन कमियों को दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों के आधार पर मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया जाएगा कि खुरई विधानसभा के विकास को और अधिक गति दी जाए।
युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र देश में विकास के मामलों में अग्रणी स्थान पर है, लेकिन इसके बावजूद अभी भी कई कार्य शेष हैं। उन्होंने कहा कि पार्कों का विकास, स्कूलों का सुदृढ़ीकरण, नालियों एवं सड़कों का निर्माण, कई मंदिरों का जीर्णोद्धार तथा बीना नदी का जल विधानसभा क्षेत्र के सभी हिस्सों तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना, चिकित्सालयों में पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा नए उद्योगों की स्थापना कर युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आज से 10 से 12 वर्ष पूर्व खुरई विधानसभा क्षेत्र की स्थिति क्या थी और आज हम कितनी प्रगति कर चुके हैं, यह सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व की किसी भी समस्या का समाधान विकास है। जब विकास होता है तो रोजगार बढ़ता है, सम्मान बढ़ता है और समृद्धि आती है। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक नागरिक को मिलता है। इसलिए हमें अपने विधानसभा क्षेत्र को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाते रहना है।
अविराज सिंह ने कहा कि जब से देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। लाड़ली बहना योजना ने मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि मुफ्त शौचालय निर्माण, 80 करोड़ परिवारों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त उपचार, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने देश को सशक्त बनाया है।
उन्होंने कहा कि वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भाजपा सरकार के 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकल चुके हैं। यह आंकड़े देश की प्रगति को दर्शाते हैं। उन्होंने जीएसटी 2.0 का उल्लेख करते हुए कहा कि टैक्स स्लैब में किए गए सुधारों से व्यापार और उद्योग को मजबूती मिली है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 65 करोड़ से अधिक खाते खोले गए हैं, जिनमें से 65 प्रतिशत खाताधारक महिलाएं हैं, जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है।
अविराज सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम लला के भव्य मंदिर का निर्माण भी ऐतिहासिक कार्य है, जिसके दर्शन आज देश-विदेश से लोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प “विकास भी और विरासत भी” है। देश की संस्कृति को संरक्षित रखते हुए राष्ट्र को आगे बढ़ाना ही हमारा उद्देश्य है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति “सेवा ही परम धर्म” सिखाती है। सेवा करने से समाज और राष्ट्र मजबूत होता है। भारत वह भूमि है जहां देवता भी जन्म लेने को तरसते हैं। हमें अधिक से अधिक सेवा कार्यों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य को प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़ना चाहिए।
अविराज सिंह ने कहा कि देश के 60 प्रतिशत से अधिक युवा 21 वर्ष से कम आयु में नशे की चपेट में आ रहे हैं। नशा युवाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और सोचने की क्षमता को नष्ट कर देता है। यह समाज को नैतिक रूप से कमजोर करता है और अपराध को जन्म देता है। उन्होंने सभी युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में नन्ही बाई अहिरवार न.प. अध्यक्ष, राहुल प्रसाद चौधरी, जमना प्रसाद अहिरवा, रविन्द्र सिंह राजपूत बरोदा, ओमप्रकाश सिंह ठाकुर विलैया, सुरेन्द्र सिंह ठाकुर सियाखेरी, राजनारायण कुर्मी आशोली, बृजभूषण कुशवाहा नरोदा, राजकुमारा सिंह राजपूत, मनोहर साहू खुरई, हरिशंकर कुशवाहा, राहुल चौधरी खुरई, प्रवीण जैन खुरई, जमना प्रसाद अहिरवार, रामशास्त्री शुक्ला खुरई, आलोक कुशवाहा खुरई, राज ठाकुर विलैया, यशराज ठाकुर मुहली, काशी राम अहिरवार खुरई, विंदू राजपूत खुरई, कल्लू यादव, आकाश परिहार, मनोज दुबे, काशीराम अहिरवार, विनोद राजहंस, बलराम यादव, देशराज यादव, सुनील राज, नीतिराज पटेल, राम शास्त्री, अर्चना जैन, सुरेन्द्र ठाकुर, निर्मल राज, अमित दुबे, प्रभात सिंह, पुष्पेन्द्र ठाकुर, मनीराम लोधी उपस्थित रहे।











