
प्रदेश भाजपा कार्यालय में खाद्य मंत्री ने कार्यकर्ताओं की समस्याएँ सुनीं
कार्यकर्ता संगठन की रीढ़, उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता : गोविंद सिंह राजपूत
सागर। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में देवतुल्य कार्यकर्ताओं से भेंट कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंत्री राजपूत ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक, प्रशासनिक एवं स्थानीय जनहित से जुड़े विषय मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री राजपूत ने प्रत्येक विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सुशासन, सेवा और समाधान” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और संगठन के बीच निरंतर संवाद से ही जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहल पर इस जन-सुनवाई के माध्यम से सरकार और संगठन के बीच समन्वय और मजबूत हुआ है तथा कार्यकर्ताओं में विश्वास और सहभागिता की भावना को नई ऊर्जा मिली है।











