लाडली बहना योजना से बहनों को मिला आर्थिक संबल, आत्मनिर्भर बनने का अवसर – विधायक शैलेंद्र कुमार जैन

लाडली बहना योजना से बहनों को मिला आर्थिक संबल, आत्मनिर्भर बनने का अवसर – विधायक शैलेंद्र कुमार जैन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम से किया राशि अंतरण, सागर में रविंद्र भवन में हुआ लाइव प्रसारण

सागर।मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नर्मदापुरम से लाडली बहनों के खातों में राशि का अंतरण किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सागर में रविंद्र भवन में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लाडली बहनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सागर विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन, विशिष्ट अतिथि नगर निगम महापौर संगीता तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सभी बहनों के भाई के रूप में यह राशि प्रदान कर रहे हैं, जो उनके जीवन में आर्थिक संबल का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि बहनें इस राशि का उपयोग अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने एवं अतिरिक्त आय का स्रोत विकसित करने में करें।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश में अनेक बहनों ने इस योजना की राशि का सदुपयोग कर नवाचार के साथ छोटे-छोटे कार्य शुरू किए हैं और आज वे सफलता के शिखर पर पहुंच चुकी हैं। विधायक जैन ने बहनों से आह्वान किया कि वे घरों में बनाए जाने वाले बरी, पापड़, खींचला जैसे पारंपरिक व्यंजनों का उत्पादन प्रारंभ करें, जिन्हें बाजार में काफी पसंद किया जाता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इनके प्रचार-प्रसार एवं विपणन की जिम्मेदारी वे स्वयं निभाएंगे और बहनों को आगे बढ़ाने में हर संभव सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति के साथ उठाया गया एक कदम जीवन की दिशा बदल सकता है और आगे बढ़ने से किसी को कोई नहीं रोक सकता।
नगर निगम महापौर संगीता तिवारी ने बहनों को राशि प्राप्त होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने बहनों से आत्मनिर्भर बनने की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया।
नगर निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार ने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी लाडली बहनों को शुभकामनाएं दीं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी  भरत सिंह राजपूत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन  अरविंद जैन ने किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से  संगीता शैलेश जैन,  दीपा तिवारी, सृष्टि बुंदेला, रजनी बारोलिया,  पीयूष पटेरिया, धनसिंह यादव सहित बड़ी संख्या में लाडली बहनें उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

Read More