
गणतंत्र दिवस की राष्ट्रीय परेड में कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के
एनसीसी कैडेट्स आयुष साहू एवं पुरुषोत्तम प्रजापति करेंगे कदमताल
सागर/ आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली की कर्तव्य पथ पर होने वाली राष्ट्रीय परेड में पं दीनदयाल उपाध्याय, शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर से 11 एमपी एनसीसी बटालियन के कैडेट्स आयुष साहू एवं पुरुषोत्तम प्रजापति भी कदमताल करते हुए नजर आएंगे। प्राचार्य डा सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डा जयनारायण यादव के निर्देशन में महाविद्यालय के उक्त कैडेट्स का राजपथ दिल्ली (RDC) के लिए चयन हुआ है जो मुख्य परेड में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि कैडेट आयुष साहू पिछले वर्ष भी 'प्री-आरडीसी' (Pre-RDC) के लिए चयनित हुए थे, वहीं पुरुषोत्तम प्रजापति पूर्व में 'प्री-टीएससी' (Pre-TSC) के लिए चयनित होकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। अपनी लगन और वरिष्ठों के मार्गदर्शन के चलते आज उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मुकाम को हासिल किया है। कैडेट्स की यह सफलता उनकी निरंतर कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है।
महाविद्यालय में हर्ष का माहौल:
कैडेट्स की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. जय नारायण यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों कैडेट्स को बधाई दी। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने न केवल महाविद्यालय का, बल्कि पूरे सागर जिले का मान बढ़ाया है।
प्राचार्य प्रोफेसर सरोज गुप्ता के स्वयं एनसीसी ऑफिसर रहने के अनुभव का ही परिणाम है कि आज महाविद्यालय सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके व्यक्तिगत मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन से प्रेरित होकर संस्थान के एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विशेष रूप से, भारतीय सेना में सत्र 2024-25 में 14 और 2025-26 में अब तक 10 कैडेट्स का चयन महाविद्यालय के गौरवशाली और बदलते स्वरूप का जीवंत प्रमाण है।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार, समस्त प्राध्यापकों और साथी कैडेट्स ने आयुष और पुरुषोत्तम के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
भवदीय,
जय नारायण यादव











