नरयावली के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: विधायक प्रदीप लारिया ने मंत्री राकेश सिंह से की सड़क और पुलों की मांग

नरयावली के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: विधायक प्रदीप लारिया ने मंत्री राकेश सिंह से की सड़क और पुलों की मांग
(आगामी बजट सत्र में शामिल कराने का किया अनुरोध)
भोपाल/30.01.2026 :
नरयावली विधानसभा क्षेत्र को सुगम यातायात और बेहतर अधोसंरचना से जोड़ने के लिए विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने विकास कार्यों का नया खाका तैयार किया है। शुक्रवार को भोपाल प्रवास के दौरान विधायक लारिया ने लोक निर्माण विभाग मंत्री  राकेश सिंह से मुलाकात कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाओं को आगामी बजट सत्र में शामिल कराने का अनुरोध किया।
कनेक्टिविटी पर जोर: 24 किमी फोरलेन और नए मार्ग
विधायक लारिया ने क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए खुरई मार्ग (NH-14) से नगना ढोंगा- बरोदिया मार्ग के सुदृढ़ीकरण और बम्होरी तिराहा से गढ़पहरा तक 24 कि.मी. फोरलेन निर्माण की प्रमुखता से मांग रखी। इसके साथ ही पुरानी सदर-सेमराबाग, मुहली से बड़कुआ, मदनपुरा- खिरिया और सानौधा से सिमरिया जैसे ग्रामीण मार्गों को जोड़ने का प्रस्ताव दिया, जिससे हजारों ग्रामीणों का सफर आसान होगा।
नदियों और नालों पर पुलों का जाल
क्षेत्र के कई गांव बारिश के दौरान मुख्य मार्ग से कट जाते हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक लारिया ने धसान नदी (खाकरोन-ईशुरवारा) पर 1670.70 लाख की लागत वाले विशाल पुल सहित मोलाली नाले, बांकुरी नाले और आमघाट, बिहारीपुरा, खिरिया कर्रापुर सहित कुल 7 बड़े पुलों के निर्माण की स्वीकृति मांगी है। इन पुलों के निर्माण से कृषि उपज को मंडी तक ले जाने और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री का सकारात्मक आश्वासन
विधायक लारिया की सक्रियता और क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पण को देखते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री  राकेश सिंह ने प्रस्तावों को फरवरी-मार्च के बजट सत्र में सम्मिलित कराये जाने हेतु आश्वस्त किया।

Leave a Comment

Read More