
संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती पर भक्ति का सैलाब: विधायक प्रदीप लारिया ने श्रद्धाभाव से किया भव्य स्वागत
सागर/01.02.2026: आध्यात्मिक चेतना के पुंज और समरसता के संदेशवाहक संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर समूचा शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस गौरवशाली उपलक्ष्य में निकाली गई विशाल शोभायात्रा का नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने राधा टाकीज, होटल वंदना के समीप अपने समर्थकों के साथ भव्य और आत्मीय स्वागत किया। सागर की हृदय स्थली तीन बत्ती पर शोभायात्रा के पहुंचने पर विधायक लारिया ने समाज के वरिष्ठजनों का फूल मालाओं से आत्मीय स्वागत किया।
भक्ति और सेवा का अनूठा संगम
मर्यादा और सेवा के प्रति समर्पित विधायक प्रदीप लारिया ने प्रतिवर्ष की अपनी अटूट परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी गहन श्रद्धाभाव के साथ शोभायात्रा की अगवानी की। गाजे-बाजे की मधुर ध्वनियों और संत रविदास जी के जयकारों के बीच विधायक श्री लारिया ने श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना की। उन्होंने महापुरुष के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सेवा भाव का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए उन्होंने स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया।
उमंग और उल्लास से सराबोर रहा मार्ग
शोभायात्रा के दौरान भक्तों में भारी उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास देखा गया। आकर्षक झांकियों और भजनों की धुन पर थिरकते श्रद्धालुओं के सैलाब ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। विधायक श्री लारिया की इस समर्पित सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी महाराज की महिमा अनंत है और उनके बताए मार्ग पर चलना ही मानवता की सच्ची सेवा है। उनके प्रति अटूट आस्था का यह सिलसिला वर्षों से अनवरत जारी है, जो केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि हृदय की गहराइयों से निकली श्रद्धा का प्रतीक है।











