सागर में गोपाल भार्गव का बड़ा बयान, ब्राह्मण समाज को लेकर कही ये बात, राजनीति में मची हलचल

सागर में गोपाल भार्गव का बड़ा बयान, ब्राह्मण समाज को लेकर कही ये बात, राजनीति में मची हलचल

सागर जिले की रहली विधानसभा से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने ब्राह्मण समाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। सागर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल, सागर शहर के रविंद्र भवन में आयोजित ब्राह्मण समाज की पत्रिका के विमोचन एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे गोपाल भार्गव ने मंच से समाज की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज कई राजनीतिक दलों और संगठनों का एक ही एजेंडा रह गया है — ब्राह्मण समाज को निशाना बनाना, उन्हें दबाना और हाशिए पर धकेलना।
गोपाल भार्गव ने भावुक होते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज आज सभी की आंखों की किरकिरी बना हुआ है। कभी उन्हें मार देने की बात कही जाती है, तो कभी दबाने और कमजोर करने की कोशिशें की जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
विधायक भार्गव ने ब्राह्मण समाज से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए आगे आना होगा। बिना संगठन के समाज अपनी आवाज नहीं उठा सकता।
उन्होंने अतीत की राजनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब मुख्यमंत्री, अधिकारी और कैबिनेट में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग हुआ करते थे, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। वर्तमान में गिने-चुने लोग ही व्यवस्था में बचे हैं, जिस पर गंभीर मंथन की आवश्यकता है।
गोपाल भार्गव के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, वहीं कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया।

Leave a Comment

Read More