मिशनरी स्कूल में छात्र से मारपीट, शरीर पर पड़े चोट के निशानहोमवर्क न दिखाने पर शिक्षक ने नौवीं के छात्र को पीटा, पुलिस में मामला दर्ज

मिशनरी स्कूल में छात्र से मारपीट, शरीर पर पड़े चोट के निशान
होमवर्क न दिखाने पर शिक्षक ने नौवीं के छात्र को पीटा, पुलिस में मामला दर्ज

मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली क्षेत्र से एक मिशनरी स्कूल में छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। क्राइस्ट कॉन्वेंट मिशनरी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा नौवीं के 14 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक द्वारा कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे छात्र के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। घटना के बाद छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्राइस्ट कॉन्वेंट मिशनरी स्कूल में कक्षा नौवीं के छात्र अभिजीत ठाकुर से शिक्षक शैलेंद्र चढ़ार ने कक्षा के दौरान होमवर्क की कॉपी मांगी। छात्र जब अपनी कॉपी प्रस्तुत नहीं कर सका, तो शिक्षक ने उस पर अत्यधिक नाराजगी जताते हुए उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि छात्र के शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान उभर आए।
स्कूल से घर लौटने के बाद छात्र ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल रहली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल में घटना की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है, जो सोमवार को स्कूल पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मिशनरी स्कूलों में छात्रों के साथ मारपीट के आरोप सामने आते रहे हैं, लेकिन कई बार अभिभावक बच्चों के भविष्य को लेकर खुलकर शिकायत करने से बचते हैं। यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Byte: अरविंद जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, सागर
Byte: डॉ बसंत नेमा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली

Leave a Comment

Read More