सागर के सांदीपनी विद्यालय में प्राचार्य-शिक्षक के बीच विवाद, कार्यालय में तोड़फोड़ और दस्तावेज फाड़े गए

सागर का सांदीपनी विद्यालय बना रणक्षेत्र
प्राचार्य व शिक्षक के बीच अभद्रता, कार्यालय में तोड़फोड़ कर शासकीय दस्तावेज फाड़े

सागर। शहर के प्रतिष्ठित सांदीपनी विद्यालय में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शिक्षक और प्राचार्य के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षक आदित्य पांडेय ने सुबह स्कूल के मुख्य द्वार पर ही प्राचार्य से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद शिक्षक आदित्य पांडेय प्राचार्य कार्यालय पहुंच गए, जहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान कार्यालय में रखी मेज पर पड़े शासकीय दस्तावेजों को भी फाड़ दिया गया। घटना से विद्यालय स्टाफ में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्राचार्य वी.के. दुबे अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ गोपालगंज थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद विद्यालय की व्यवस्था कुछ समय के लिए प्रभावित रही। अभिभावकों और शिक्षा विभाग में भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Comment

Read More