देवनागरी में स्थापना दिवस कार्यक्रम श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न

देवनागरी में स्थापना दिवस कार्यक्रम श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न
सागर। सागर से लगभग 25 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सेवन स्थित प्राचीन सिद्ध स्थल देवनागरी ठाकुर बाबा धाम में रविवार को स्थापना दिवस कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य डॉ. अनिल दुबे वैदिक द्वारा भगवान हनुमान जी के षोडशोपचार पूजन एवं अभिषेक के साथ की गई। इसके पश्चात रामायण पाठ, रामनाम संकीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुजनों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
उल्लेखनीय है कि देवनागरी ठाकुर बाबा का यह अत्यंत प्राचीन एवं सिद्ध स्थल है, जिसका जीर्णोद्धार वर्ष 2007 में सागर के प्रतिष्ठित उद्योगपति बुंदेल सिंह बुंदेला द्वारा कराया गया था। वर्तमान में देवनागरी परिसर में ठाकुर बाबा के साथ-साथ गणेश जी, दुर्गा जी, शिव परिवार एवं हनुमान जी के लिए अलग-अलग भव्य एवं दिव्य प्रांगण निर्मित हैं।
इसके अतिरिक्त देवनागरी में सागर जिले की सबसे बड़ी वाटिका भी स्थित है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों और भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

Leave a Comment

Read More