
सागर में पत्रकारों के लिए ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन का हेल्थ कैंप
सागर। ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन द्वारा शहर में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शासकीय गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें शहर के पत्रकारों एवं उनके परिजनों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में शुगर, थायराइड, ब्लड जांच, ईसीजी, एक्स-रे सहित कई आवश्यक मेडिकल जांचें की गईं। बड़ी संख्या में पत्रकारों और उनके परिवारजनों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
इस अवसर पर डॉक्टर तल्हा साद ने बताया कि पत्रकारों की दिनचर्या अत्यंत व्यस्त होती है, जिसके कारण वे स्वयं तथा अपने परिवार के स्वास्थ्य की नियमित जांच नहीं करा पाते। इसी लापरवाही के चलते छोटी-छोटी बीमारियां समय के साथ गंभीर रूप ले लेती हैं। इसी उद्देश्य से यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान कर उचित इलाज संभव हो सके।
डॉ. तल्हा साद ने हाल ही में शहर के फोटो जर्नलिस्ट जितेंद्र श्रीवास के दुखद निधन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। यदि समय पर स्वास्थ्य जांच होती तो संभव है स्थिति को टाला जा सकता था। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें और नियमित जांच कराते रहें।
स्वास्थ्य शिविर में ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन के चिकित्सकों व स्टाफ ने सेवाएं दीं और पत्रकारों के इस प्रयास की सराहना की।











