खुरई,मालथौन व बांदरी के शासकीय कालेजों की बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 136.11 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति जारी हुई

खुरई,मालथौन व बांदरी के शासकीय कालेजों की बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 136.11 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति जारी हुई

सागर। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा मंत्रालय द्वारा पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की पहल पर खुरई विधानसभा क्षेत्र के खुरई, मालथौन तथा बांदरी के शासकीय महाविद्यालयों की बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 136.11 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है।

उच्च शिक्षा मंत्रालय द्वारा 10 फरवरी को आयुक्त उच्च शिक्षा को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र के मालथौन शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 72.91 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। पत्र में बताया गया है कि शासकीय महाविद्यालय बांदरी की बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 43.75 लाख तथा खुरई शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु 19.45 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। मप्र गृह निर्माण मंडल को इस कार्य की निर्माण एजेंसी बनाया गया है।

पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने इन विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डा मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदरसिंह परमार का आभार व्यक्त किया है। पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के तीनों शासकीय महाविद्यालयों में बाउंड्री वॉल निर्माण से महाविद्यालय में विद्यार्थियों को सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण में अध्ययन, अध्यापन में सुविधा होगी।

Leave a Comment

Read More