
डर आगे जीत है, डरना नहीं, निर्भीकता से दें परीक्षा – कलेक्टर
कलेक्टर ने परीक्षा पर की चर्चा
सागर 10 फरवरी 2026
डर के आगे जीत है, परीक्षा से हमें डरना नहीं चाहिए। निर्भीकता से परीक्षा दें परीक्षा एक अवसर होता है अंत नहीं। उक्त विचार कलेक्टर संदीप जी आर ने जैसीनगर में एक विद्यालय में बच्चों के साथ परीक्षा पर चर्चा करते हुए व्यक्त किए।
कलेक्टर संदीप जी आर ने विद्यालय में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से परीक्षा पर चर्चा की एवं उनसे उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और उनका मौके पर ही निराकरण किया। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा को किसी भय या तनाव का कारण न बनने दें बल्कि इसका शांति और पूर्ण आत्मविश्वास के साथ सामना करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा हॉल में प्रवेश करते समय सभी चिंताओं को बाहर छोड़ दें और बिना किसी घबराहट के हर प्रश्न का उत्तर दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि परीक्षा जीवन का महज एक पड़ाव है, अंतिम मंजिल नहीं, इसलिए अपनी मेहनत और तैयारी पर पूरा भरोसा रखें। समय का बेहतर प्रबंधन करें, सकारात्मक सोच अपनाएं और शांत मन से पेपर हल करें।
कलेक्टर ने कहा कि एग्जाम हॉल में बेहतर प्रदर्शन के लिए सबसे पहले समय से 30-45 मिनट पहले पहुंच जाएं ताकि घबराहट न हो एडमिट कार्ड, आईडी, पेन, पानी की बोतल आदि पहले से चेक कर लें। पेपर मिलते ही 10-15 मिनट में पूरा प्रश्न-पत्र ध्यान से पढ़ लें, निर्देश समझें, आसान सवालों को मार्क करें और समय का रफ प्लान बना लें। सबसे पहले उन सवालों से शुरू करें जिनमें आप पूरी तरह कॉन्फिडेंट हैं, इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा और समय बचेगा। अंत में 10-15 मिनट बचाकर जवाब चेक करें, गलतियां सुधारें और रोल नंबर आदि दोबारा देख लें।
कलेक्टर ने सभी परीक्षार्थियों को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपकी लगन और परिश्रम अवश्य सफलता दिलाएगा। आप सभी लोग स्वस्थ रहें, अच्छी नींद लें और मजबूत इरादे के साथ आगे बढ़ें।











