
विधायक लारिया के भगीरथ प्रयासों से ‘प्यासे’ कर्रापुर की बुझेगी प्यास: बाबिर मटिया बांध से मिली ऐतिहासिक जल आवंटन की सौगात
सागर/12.02.2026: सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कर्रापुर नगर पंचायत की दशकों पुरानी पेयजल समस्या के अंत का समय अब निकट आ गया है। क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के दीर्घकालिक, निरंतर और सुनियोजित प्रयासों के फलस्वरूप कर्रापुर की प्यासी जनता को अब बाबिर मटिया बांध से पर्याप्त जल उपलब्ध होगा। विधायक लारिया की इस बड़ी सफलता ने न केवल क्षेत्र की करीब 20 हजार की आबादी के लिए राहत के द्वार खोले हैं, बल्कि नगर के विकास में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए शासन स्तर से 2.50 मि.घ.मी. वार्षिक जल आवंटन की सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है। यह उपलब्धि विधायक प्रदीप लारिया की उस कर्मठता का परिणाम है, जिसके तहत उन्होंने मध्य प्रदेश विधानसभा के पटल पर बार-बार इस गंभीर मुद्दे को उठाया और करोड़ों की राशि स्वीकृत कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाए रखा। उनकी दूरदर्शिता का ही नतीजा है कि आज कर्रापुर के 15 वार्डों में पाइप लाइन बिछाने की तैयारी शुरू हो रही है, जिससे हर घर तक शुद्ध पेयजल की पहुंच सुनिश्चित होगी।
योजना के तकनीकी और प्रशासनिक पक्षों की बात करें तो नगर परिषद कर्रापुर को जल संसाधन विभाग के साथ अनुबंध करना होगा, जिसके तहत निर्धारित जल दरों पर नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इस आवंटित जल का उपयोग विशिष्ट रूप से केवल पेयजल आपूर्ति के लिए किया जा सकेगा। जल आपूर्ति के लिए आवश्यक सिविल और यांत्रिक संरचनाओं के निर्माण का व्यय नगर परिषद स्वयं वहन करेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
इस पूरी प्रक्रिया में संभागीय कमिश्नर अनिल सुचारी का प्रशासनिक सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जिन्होंने फाइल के तकनीकी पहलुओं को गति प्रदान की। विधायक लारिया की इस बड़ी जीत और कर्रापुर की चिरलंबित समस्या के निराकरण पर नगर परिषद के सदस्यों और पार्षदों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। खुशी की इस लहर के बीच समस्त पार्षदगणों ने विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया का आत्मीय अभिनंदन कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लारिया के इन प्रयासों ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि जनमानस की सेवा का संकल्प दृढ़ हो, तो बड़ी से बड़ी बाधाओं को पार कर जनहित के कार्यों को मूर्त रूप दिया जा सकता है।
अभिनंदन अवसर पर नगर परिषद कर्रापुर के भानु प्रताप सिंह, शैलेंद्र सिंह, भरत घोसी, लोकेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रशांत अहिरवार और विवेक सक्सेना सहित गणमान्यजन उपस्थित थे।











