
प्रभार जिले अशोकनगर प्रवास पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने संगठन को दी मजबूती का मंत्र
पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, आगामी कार्यक्रमों पर हुई विस्तृत चर्चा
सागर।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने अपने प्रभार जिले अशोकनगर नगर प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर तक संगठन विस्तार तथा जनसंपर्क अभियानों को लेकर सार्थक विचार-विमर्श किया।
विशिष्ट श्रेणी के कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद सत्र में विधायक श्री जैन ने कहा कि “संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। जब कार्यकर्ता सक्रिय और समर्पित होते हैं, तब ही पार्टी जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरती है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से सतत संवाद बनाए रखें।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पहचान उसके अनुशासित, समर्पित और राष्ट्रहित सर्वोपरि मानने वाले कार्यकर्ताओं से है। उन्होंने आगामी चुनावी और संगठनात्मक गतिविधियों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी, विधायक श्री जगन्नाथ रघुवंशी, श्री राव बृजेंद सिंह यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया, श्री सुभाष जैन, श्री लड्डू राम कोरी, श्री उमेश रघुवंशी, श्री शिवनाम यादव, श्री नारायण प्रसाद शर्मा, श्री गजराम सिंह जी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री जैन ने सभी कार्यकर्ताओं के उत्साह, समर्पण और ऊर्जा को नमन करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।











