जो खेलता है, वही खिलता है – अविराज सिंह

जो खेलता है, वही खिलता है – अविराज सिंह

मालथौन। खुरई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘भूपेन्द्र भैया क्रिकेट ट्रॉफी’ का फाइनल मुकाबला 14 फरवरी को मालथौन स्थित एमसीसी स्टेडियम में हजारों दर्शकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। रोमांचक मुकाबले में यंग स्टार बांदरी ने शिवाजी वार्ड खुरई को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया। खुरई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन टीम 12 ओवर में 92 रन ही बना सकी। जवाब में यंग स्टार बांदरी ने 11 ओवर 2 गेंद में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट में यंग स्टार बांदरी के प्रिंस यादव को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 399 रन बनाए और 16 विकेट भी हासिल किए। यंग स्टार मालथौन के अंशुल यादव को 394 रनों के साथ सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज घोषित किया गया, जबकि गोल्डन बरोदिया के हेमंत राजपूत ने 27 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार प्राप्त किया। फाइनल मुकाबले के ‘मैन ऑफ द मैच’ राहुल यादव रहे। विजेता टीम को एक लाख रुपये एवं उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ शील्ड प्रदान की गई।

इससे पहले दूसरा सेमीफाइनल बरोदिया कला के स्टेडियम में यंग स्टार मालथौन और शिवाजी वार्ड खुरई के बीच खेला गया। खुरई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 174 रन बनाए। जवाब में मालथौन भी 174 रन ही बना सकी, जिससे मैच टाई हो गया। सुपर ओवर में मालथौन ने 14 रन का लक्ष्य रखा, जिसे खुरई ने एक गेंद शेष रहते हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।

वर्ष 2014 में प्रारंभ हुए भूपेन्द्र भैया क्रिकेट टूर्नामेंट के 12 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। प्रत्येक वर्ष 500 से अधिक टीमें इसमें भाग लेती हैं। इस टूर्नामेंट ने खुरई विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान किया है। पिछले वर्ष बुंदेली क्रिकेट लीग में विधानसभा क्षेत्र की टीम ने विजय प्राप्त कर बुंदेलखंड में प्रथम स्थान हासिल किया था।

फाइनल मुकाबले को संबोधित करते हुए युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम है। उन्होंने कहा, “जब आप स्वयं पर विश्वास करते हैं और कठोर परिश्रम करते हैं तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता। खेल में हार जैसा कुछ नहीं होता, या तो आप जीतते हैं या सीखते हैं।” उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में सक्रिय रहने से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं और स्वस्थ समाज का निर्माण होता है।

अविराज सिंह ने बताया कि खुरई और मालथौन में 5-5 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक का निर्माण कार्य जारी है। साथ ही 18 करोड़ रुपये की लागत से इंटरनेशनल स्तर का वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहर में खेल मैदान और स्टेडियम विकसित करने का संकल्प लिया गया है। मालथौन और खुरई में शीघ्र ही स्पोर्ट्स कोचिंग सेंटर प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। उन्होंने स्टेडियमों में लाइट की व्यवस्था कराने की भी घोषणा की, ताकि रात में भी खेल गतिविधियां संचालित हो सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि खेल के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ी कोच, फिजियोथेरेपिस्ट, स्पोर्ट्स मैनेजर, स्पोर्ट्स मीडिया विशेषज्ञ और ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी अपना भविष्य बना सकते हैं। निजी और शासकीय नौकरियों में स्पोर्ट्स कोटा युवाओं के लिए अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा तभी देश का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम के अंत में अविराज सिंह ने आयोजन समिति, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मैदान खचाखच भरा रहा और दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ मैच का आनंद लिया।

इस अवसर पर जयंत सिंह बुंदेला (म.प्र. अध्यक्ष, मालथौन), अरविंद लोधी (मंडल अध्यक्ष, मालथौन), नीतेश यादव (मंडल अध्यक्ष, बरोदियाकला), अनिल पाराशर (मंडल अध्यक्ष, बांदरी), विश्वनाथ सिंह (अध्यक्ष प्रतिनिधि, बांदरी), चुन्नीलाल कुशवाहा (न.प. अध्यक्ष प्रतिनिधि, बरोदियाकला), रामकुमार बघेल, रावराजा राजपूत, बलवीर सिंह राजपूत (जनपद उपाध्यक्ष), सरनाम सिंह तोमर, श्रीमती सीमा राय, आर.सी. दुबे, निरंजन सिंह ठाकुर, बलराम ठाकुर, आशीष पटेरिया, चंदू बावई, गोलू राय, पुष्पेंद्र तोमर, हीरू राजा राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मीडिया कार्यालय
दिनांक-14.02.2026

Leave a Comment

Read More