
मेहर विद्यालय के लिए 1.10 करोड़ स्वीकृत, विधायक लारिया के प्रयासों से संवरेगा छात्रों का भविष्य
भोपाल/16.02.2026: मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने नरयावली विधानसभा को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेहर के आधुनिक कायाकल्प हेतु 110.32 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया की दूरगामी सोच और सतत पैरवी का ही सुखद परिणाम है कि अब यह ग्रामीण विद्यालय आधुनिक संसाधनों से लैस होकर क्षेत्र के शैक्षिक विकास को नई ऊंचाई देगा। स्वीकृत राशि के माध्यम से विद्यालय में 95.42 लाख की लागत से पांच नवीन अतिरिक्त कक्षों, हाई-टेक लैब और आवश्यक सिविल कार्यों का निर्माण किया जाएगा, जबकि 14.9 लाख रुपये से विद्यार्थियों के लिए उच्च श्रेणी का फर्नीचर, इंटरैक्टिव पैनल, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुविधाएं जुटाई जाएंगी।
विधायक प्रदीप लारिया, जो लंबे समय से क्षेत्र में कक्षों की कमी और आधुनिक लैब की आवश्यकता को लेकर गंभीर थे, ने इस उपलब्धि को मेहर के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य हर बच्चे को सर्वसुविधायुक्त शिक्षा प्रदान करना है ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सकें। संसाधनों के इस विस्तार से अब मेहर स्कूल केवल एक भवन न रहकर आधुनिक ‘ज्ञान का मंदिर’ बनकर उभरेगा, जिससे स्थानीय नागरिकों और शिक्षाविदों में हर्ष व्याप्त है।











