जल संसाधन प्रबंधन से बदलेगा बुंदेलखंड का भविष्य: विधायक शैलेंद्र कुमार जैन

जल संसाधन प्रबंधन से बदलेगा बुंदेलखंड का भविष्य: विधायक शैलेंद्र कुमार जैन
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोले— 2028-29 तक 1 करोड़ हेक्टेयर सिंचाई का लक्ष्य

सागर।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने जल संसाधनों के महत्व और सिंचाई क्षेत्र में हुई ऐतिहासिक प्रगति को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि हमने लंबे समय तक जल संसाधनों का महत्व नहीं समझा, उसका संरक्षण नहीं किया, जिसका परिणाम है कि आज हमें बोतलबंद पानी पीना पड़ रहा है। जल अमूल्य है और उसका समुचित प्रबंधन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री द्वारा जल प्रबंधन की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक श्री जैन ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र लंबे समय तक पिछड़ा रहा, यहां सिंचाई का रकबा अत्यंत कम था। किंतु विगत 15 वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और लगभग 69,800 हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र बढ़ा है। दमोह, टीकमगढ़, पन्ना एवं निवाड़ी जिलों में सिंचाई का दायरा विस्तारित हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में आज 55 लाख हेक्टेयर सिंचाई का आंकड़ा छू लिया गया है और वर्ष 2028-29 तक इसे 1 करोड़ हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। माइक्रो सिंचाई प्रणाली के क्षेत्र में मध्य प्रदेश अग्रणी है और “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार कार्य हो रहा है। माइक्रो सिंचाई प्रणाली से तीन गुना अधिक क्षेत्र में सिंचाई संभव हो पा रही है।
विधायक श्री जैन ने कहा कि लगभग 44,605 करोड़ रुपये की केन बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक सिद्ध होगी। इससे छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी सहित उत्तर प्रदेश का बड़ा क्षेत्र लाभान्वित होगा।
उन्होंने नदी जोड़ो अभियान के तहत पार्वती, कालीसिंध एवं चंबल नदियों को जोड़ने की परियोजना का भी उल्लेख किया, जिसमें प्रदेश के 13 जिले शामिल हैं।
साथ ही उन्होंने अटल भूजल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य भूजल स्तर को सुधारना है और यह योजना प्रदेश के 6 जिलों में लागू की गई है।
अंत में विधायक श्री जैन ने जल संसाधन के क्षेत्र में हुई इन उपलब्धियों के लिए माननीय मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री सहित संपूर्ण सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

Read More