
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विधानसभा में उठाया आवारा कुत्तों का गंभीर विषय
सागर।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक आतिफ अकील द्वारा ध्यानाकर्षण के माध्यम से भोपाल में आवारा कुत्तों की समस्या का मामला उठाया गया।
इस पर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सभापति महोदय की अनुमति से चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि यह विषय केवल भोपाल शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश और देश के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में गंभीर समस्या के रूप में उभर रहा है।
विधायक जैन ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या निरंतर बढ़ रही है, जिससे डॉग बाइट की घटनाओं में वृद्धि हुई है। कई बार कुत्तों द्वारा विषाक्त भोजन करने के कारण उनका व्यवहार आक्रामक और असामान्य हो जाता है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने इस विषय पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय में भी हुई गंभीर बहस का उल्लेख करते हुए इसे राष्ट्रीय महत्व का विषय बताया।
उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश के सभी शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि डॉग बाइट की स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध हो सके।
साथ ही विधायक जैन ने सदन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए “पहली रोटी गाय को एवं अंतिम रोटी स्वान को देने” का संकल्प लेने की बात कही, जिससे सह-अस्तित्व और संवेदनशीलता की भावना को बल मिले।
उन्होंने नगरीय निकायों से अपेक्षा की कि वे नसबंदी अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करें, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएं तथा नागरिकों में जागरूकता अभियान चलाकर समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाएं।
विधायक जैन ने कहा कि यह विषय मानवीय संवेदनाओं और जनसुरक्षा दोनों से जुड़ा है, अतः सरकार एवं स्थानीय निकायों को समन्वित प्रयास कर ठोस नीति के साथ आगे बढ़ना चाहिए।











