
विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने उठाया राजघाट बांध क्षेत्र के पर्यटन विकास का मुद्दा
भोपाल,।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने प्रश्नकाल के अंतर्गत राजघाट बांध के समीप पर्यटन स्थल की स्थापना से जुड़े विषय को प्रमुखता से उठाया। प्रश्न क्रमांक 573 के माध्यम से उन्होंने पर्यटन विभाग से पूर्व में दी गई जानकारी एवं वर्तमान स्थिति में अंतर को स्पष्ट करने की मांग की।
पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विधानसभा में उत्तर देते हुए बताया कि भूमि ग्राम सलैयागांजी, जिला सागर स्थित खसरा क्रमांक 11/4 रकबा 4.46 हेक्टेयर निजी निवेशक ज्ञानोदय सागर ग्रुप को 10 करोड़ रुपए की लागत से रिसोर्ट स्थापना हेतु लीज पर प्रदान की गई है।
मंत्री श्री लोधी ने यह भी स्पष्ट किया कि राजघाट बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने संबंधी अभी कोई शासकीय कार्यवाही वर्तमान में प्रचलन में नहीं है।
विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा उठाए गए इस विषय से राजघाट बांध क्षेत्र में पर्यटन विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुई है तथा क्षेत्र के पर्यटन संभावनाओं को लेकर भविष्य में ठोस नीति निर्माण की आवश्यकता भी सामने आई है।










