सागर में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, पहचान छिपाने के लिए चेहरे को बिगाड़ा गया

सागर में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या

खेत में मिला शव, पहचान छिपाने की नियत से बिगाड़ा गया चेहरा
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। सागर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़पहरा रोड पर अज्ञात आरोपियों ने पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या कर दी। शव खेत में पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
गुरुवार सुबह गढ़पहरा रोड पर सदर के पास स्थित एक खेत में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर पड़े मिले, जिससे आशंका है कि इन्हीं पत्थरों से युवक का सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान मनोज अहिरवार (35 वर्ष) निवासी भैंसा के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि पहचान छिपाने की नियत से चेहरे को बुरी तरह कुचला गया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
विरोध में परिजनों का चक्काजाम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और हत्या के विरोध में सागर-खुरई रोड पर भैंसा के पास चक्काजाम कर दिया। परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उन्होंने कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया।
जांच में जुटी पुलिस
कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि युवक की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Byte: लोकेश कुमार सिन्हा, ASP

Leave a Comment

Read More