
विधायक प्रदीप लारिया ने विधानसभा में बुलंद की नरयावली की आवाज; आवास, उच्च दाब उपकेंद्र स्थापना, गौ-सेवक मानदेय और बुनियादी सुविधाओं की पुरजोर मांग की
भोपाल/20.02.2026: विधानसभा सत्र के पांचवें दिन नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने जनहित के संवेदनशील मुद्दों को सदन के पटल पर रखा। विधायक श्री लारिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना, गौ-सेवकों के मानदेय, पुल निर्माण, उच्च दाब विद्युत केंद्रों की स्थापना और पेयजल संकट जैसे बुनियादी विषयों पर संबंधित मंत्रियों से जवाब मांगा और क्षेत्र के विकास हेतु ठोस कार्ययोजना की मांग की।
विधायक लारिया ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी चाही। उन्होंने पूछा कि नए दिशा-निर्देशों के तहत पात्र हितग्राहियों को आवेदन हेतु किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, ताकि क्षेत्र का कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न रहे।
पशुपालन एवं डेयरी मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए विधायक श्री लारिया ने प्रशिक्षित गौ-सेवकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या विभाग के पास गौ-सेवकों को मानदेय देने या शासकीय भर्तियों में प्राथमिकता प्रदान करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है? उन्होंने मांग की कि वर्षों से सेवा दे रहे इन युवाओं को शीघ्र आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाए।
लोक निर्माण मंत्री से चर्चा के दौरान विधायक लारिया ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण नदी-नालों पर पुल निर्माण की स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से खाकरोन से ईशुरवारा मार्ग पर,
NH-44 से सेमराहाट, सानोधा से पड़रिया मार्ग,कर्रापुर से पिपरिया/खिरिया, पथरियाहाट से पृथ्वीपुरा मार्ग,हीरापुर-रामछायरी बम्होरी बीका से चावड़ा मार्ग पर स्थित नदी एवं नालों पर पुल निर्माण की संबंध में विभाग द्वारा अभी तक क्या कार्यवाही की गई।
ऊर्जा मंत्री से सवाल करते हुए लारिया ने नरयावली में 132/33 के.व्ही. उच्च दाब उपकेंद्र की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मकरोनिया केंद्र पर अत्यधिक भार होने के कारण घरेलू, कृषि और औद्योगिक क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति में बाधा आ रही है। उन्होंने नरयावली में पृथक उप केंद्र की मांग पुरजोर तरीके से रखी। ऊर्जा मंत्री महोदय ने नरयावली में 132/33 के.व्ही.उपकेंद्र की स्थापना, औद्योगिक क्षेत्र का उच्च दाब एवं अतिरिक्त विद्युत भार वृद्धि के लिए आश्वस्त किया।
शून्यकाल के दौरान विधायक लारिया ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा हैंडपंप सुधार कार्य की धीमी गति पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवीन हैंडपंप खनन की जानकारी न मिलने से आमजन को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने याचिका के माध्यम से ग्राम पंचायत नरयावली में गौशाला निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।










