
विधायक प्रदीप लारिया ने फुलेरधाम भापेल में 1.69 करोड़ के विकास कार्यों के किए भूमिपूजन और लोकार्पण
(क्षेत्रीय विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी प्राथमिकता; DTC की स्थापना और फुलेर मेले के माध्यम से भापेल को मिली नई पहचान)
नरयावली विधानसभा के आध्यात्मिक केंद्र और पावन धरा भापेल में विकास की नई इबारत लिखी गई है। क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने शनिवार को ग्राम भापेल में 1.69 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने भापेल के प्रति अपने विशेष लगाव को रेखांकित करते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और यहाँ की गौरवशाली परंपराओं को सहेजना ही उनका मुख्य संकल्प है।
लोकार्पण: 72.35 लाख के कार्यों से सुधरेगी बुनियादी अधोसंरचना
विधायक लारिया ने क्षेत्र की जनता को समर्पित करते हुए कुल 72.35 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 38 लाख की लागत से बना भव्य सामुदायिक मंगल भवन, 25 लाख की लागत से खेरमाता मंदिर से अजा बस्ती तक नवनिर्मित सी.सी. रोड, और अजा बस्ती में 4.25 लाख से निर्मित सामुदायिक भवन का बरामदा एवं छत शामिल है। इसके अतिरिक्त शांतिधाम फुटेरा में फर्श व प्लास्टर कार्य (4 लाख), नंदलाल के घर से घनश्याम के घर तक सी.सी. रोड (3.60 लाख) और संत रविदास प्रांगण में छत निर्माण (2.50 लाख) का कार्य भी पूर्ण होकर जनता को सौंप दिया गया है।
भूमिपूजन: 96.75 लाख के नवीन कार्यों का श्रीगणेश
शिक्षा और जन-सुविधाओं के विस्तार हेतु विधायक श्री लारिया ने 96.75 लाख के नए कार्यों की आधारशिला रखी। इसमें सबसे महत्वपूर्ण 59.73 लाख की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनने वाली अत्याधुनिक लैब है। इसके अलावा संतोषनगर में 25 लाख का सामुदायिक भवन, फुलेर तालाब पर 3.50 लाख की स्टील फेंसिंग और बाबा हरदौल के पास 3.47 लाख की लागत से बनने वाले शांतिधाम का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
17 वर्षों की अनवरत साधना: लोककला और आस्था का संरक्षण
विधायक प्रदीप लारिया ने बताया कि भापेल क्षेत्र के प्रति उनकी गहरी आस्था है। बाबा फूलनाथ की कृपा से वे विगत 17 वर्षों से यहाँ की सांस्कृतिक विरासत और लोककला को सहेजने का कार्य कर रहे हैं। भापेल में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला ‘फुलेर मेला’ और उसमें होने वाली बुंदेली बरेदी नृत्य प्रतियोगिता ने पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह आयोजन न केवल मनोरंजन है, बल्कि बुंदेली लोक संस्कृति के संरक्षण का एक बड़ा अभियान है।
आधुनिकता की ओर बढ़ता भापेल
भापेल को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों पर चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि यहाँ स्वीकृत हुआ आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर (DTC) क्षेत्र के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने दोहराया कि भापेल का विकास उनके लिए मात्र एक राजनीतिक दायित्व नहीं, बल्कि आत्मिक जुड़ाव का विषय है।
विधायक लारिया ने ग्राम भापेल के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 5 लाख की लागत से सर्वसुविधायुक्त जिम निर्माण एवं नागरिक सुविधा हेतु सार्वजनिक स्थल पर 2 लाख की लागत से टीनशेड निर्माण की भी घोषणा की गई। विधायक की इस पहल से युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों में उत्साह है।
इस अवसर पर नरयावली मंडल अध्यक्ष, भाजपा के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।











