
अंधे कत्ल का खुलासा: केंट पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्या का पर्दाफाश
सागर। थाना केंट क्षेत्र में मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला?
दिनांक 19 फरवरी 2025 को एमआरसी के सामने कच्चे रास्ते के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना थाना केंट पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान शिवपाल सिंह निवासी सागर के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि मृतक के सिर से काफी खून बहा था तथा पास में खून से सने पत्थर पड़े थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 79/26 एवं 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाह (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
सघन पूछताछ, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया।
गिरफ्तार आरोपी शुभम पिता मानस सेन, निवासी भीम नगर, सागर बताया गया है।
हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान पैसे को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी केंट निरीक्षक रोहित डोंगरे सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।











