
नरयावली विधायक ने विधानसभा में मुखरता से उठाए जनहित के मुद्दे; सड़कों, मंडी विकास और सहकारिता पर मांगा जवाब
भोपाल/24.02.2026: मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने अपने निर्वाचन क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर सदन में महत्वपूर्ण प्रश्न उठाए। वरिष्ठ विधायक श्री लारिया ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि तथा सहकारिता विभाग से संबंधित जनहित के मुद्दों पर शासन का ध्यानाकर्षण किया।
मजरा-टोला को मुख्य मार्ग से जोड़ने की मांग
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री से चर्चा करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने नरयावली विधानसभा के विकासखंड राहतगढ़ और सागर की ग्राम पंचायतों के मजरों व टोलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना’ के अंतर्गत इन बसावटों को मुख्य मार्ग से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री लारिया ने विभाग से जानकारी चाही कि अब तक कितने सड़क मार्गों के प्राक्कलन तैयार किए गए हैं?, शासन को प्राप्त प्रस्तावों पर वर्तमान में क्या प्रगति है? एवं इन सड़कों की स्वीकृति कब तक प्रदान की जाएगी ताकि ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके?
कृषि उपज मंडी सागर में निर्माण कार्यों की समीक्षा
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री से प्रश्न करते हुए विधायक ने सागर मंडी में पिछले तीन वित्तीय वर्षों (2023-24 से 2025-26) के दौरान स्वीकृत निर्माण कार्यों का लेखा-जोखा मांगा। उन्होंने विकास कार्यों की पारदर्शिता पर जोर देते हुए विभाग से कार्यवार नाम और लागत की जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि स्वीकृत कार्यों में से कितने पूर्ण हो चुके हैं, कितने वर्तमान में निर्माणाधीन हैं और शेष कार्यों की प्रक्रिया में विलंब का क्या कारण है।
सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली पर चर्चा
सहकारिता के क्षेत्र में किसानों के हितों का पक्ष रखते हुए श्री लारिया ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, नरयावली से संबंधित विषय सदन में रखा। उन्होंने सहकारिता मंत्री से 1 जनवरी 2016 की पंजी पर की गई कार्रवाई के संदर्भ में स्पष्टता चाही। विशेष रूप से माह अक्टूबर 2025 में विभाग द्वारा जारी किए गए किसी भी आदेश या कार्यवाही की विस्तृत जानकारी की मांग करते हुए उन्होंने किसानों के हित में उचित पारदर्शिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।










