
विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के प्रश्न पर सागर आयुष महाविद्यालय निर्माण को लेकर बड़ा अपडेट, 70 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य प्रारंभ
सागर।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में सागर में प्रस्तावित आयुष महाविद्यालय की स्थापना एवं निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। विधायक श्री जैन ने आयुष विभाग से महाविद्यालय निर्माण, समय-सीमा एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तृत जानकारी मांगी थी।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री जैन ने पूछा कि पूर्व में दिए गए उत्तर के अनुसार आयुष महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु जारी निविदा किस एजेंसी को स्वीकृत की गई है तथा क्या निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय, चिकित्सालय एवं छात्रावास निर्माण पर प्रस्तावित व्यय की जानकारी भी चाही।
आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने लिखित उत्तर में बताया कि मध्यप्रदेश भवन विकास निगम लिमिटेड, भोपाल द्वारा निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद दिनांक 18 अगस्त 2025 को मेसर्स ट्रेडिंग इंजीनियर्स को कार्यादेश जारी किया गया है तथा निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि आयुष महाविद्यालय परिसर में महाविद्यालय भवन, चिकित्सालय भवन, छात्रावास, स्टॉफ क्वार्टर सहित फर्नीचर एवं उपकरणों के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये की राशि प्रावधानित की गई है, जिसमें 69.90 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
मंत्री श्री परमार ने जानकारी दी कि निर्माण एजेंसी के साथ हुए अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्य को 18 माह की निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना है। भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद आगामी नवीन शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने की संभावना है।
विधायक श्री जैन द्वारा महाविद्यालय संचालन हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने बताया कि पदों की स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक पदस्थापना की कार्यवाही की जाएगी।










