
विधानसभा में गूंजी नरयावली की आवाज: विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने प्रखरता से उठाए क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के मुद्दे
भोपाल/25.02.2026:
मध्यप्रदेश विधानसभा के वर्तमान सत्र में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने एक वरिष्ठ और सजग जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाते हुए क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास परियोजनाओं को अत्यंत सुव्यवस्थित एवं तर्कपूर्ण ढंग से सदन के पटल पर रखा। अपनी वरिष्ठता और संसदीय गरिमा के अनुरूप, श्री लारिया ने ऑनलाइन सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, ढाना हवाई पट्टी के विस्तार और जन स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक लारिया ने बढ़ते डिजिटल अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से वर्ष 2024 से अब तक दर्ज ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों की जिलावार सूची मांगी। उन्होंने विशेष रूप से सागर जिले की स्थिति पर सवाल करते हुए पूछा कि साइबर अपराधों की जांच के लिए कितने पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है? सागर में तैनात टीम के पास उपलब्ध आधुनिक उपकरणों की स्थिति क्या है? क्या वर्ष 2025-26 में इन अपराधों की दर में कोई कमी आई है?
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत यातायात सिग्नलों की व्यवस्था पर विधायक श्री लारिया ने मुख्यमंत्री महोदय से अनुरोध पूर्वक जानकारी चाही। उन्होंने पूछा कि जो सिग्नल महीनों से खराब पड़े हैं, उनके लिए जिम्मेदार कंपनियों पर अब तक क्या कार्रवाई की गई? साथ ही, चालान से वसूली गई राशि के सदुपयोग और सरकारी खातों में उसके जमा होने का विवरण भी चाहा।
जेल में कैदियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए श्री लारिया ने चितौरा ग्राम में प्रस्तावित नवीन जेल भवन की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास के साथ-साथ ग्रामीणों की सुविधाओं (जैसे गौशाला और सरकारी जमीन) का भी संरक्षण होना चाहिए।
वहीं, ढाना हवाई पट्टी को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री महोदय से पूछा कि इसे घरेलू विमान सेवा के मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए अब तक कितना बजट स्वीकृत हुआ है और सागर की जनता को हवाई सेवा का लाभ कब तक मिलना शुरू होगा?
जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विधायक श्री लारिया ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष एक विशेष याचिका भी प्रस्तुत की। इसमें उन्होंने डूंगासरा में सरकारी आयुर्वेदिक औषधालय (डिस्पेंसरी) के नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति हेतु पुरजोर मांग रखी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।











