
विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के प्रश्न पर मंगलगिरी पहाड़ी सिटी फॉरेस्ट-02 विकास को लेकर सरकार का लिखित उत्तर, 1.37 करोड़ की स्वीकृति
सागर।मध्य प्रदेश विधानसभा में सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा सागर नगर स्थित मंगलगिरी पहाड़ी क्षेत्र के विकास एवं रख-रखाव को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण जानकारी प्रस्तुत की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से दिए गए लिखित उत्तर में बताया गया कि सागर नगर की मंगलगिरी पहाड़ी स्थित वन विभाग की भूमि को सिटी फॉरेस्ट-02 के रूप में विकसित किए जाने की शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस परियोजना हेतु कुल 137 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है तथा स्वीकृत कार्ययोजना के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उत्तर में बताया गया कि वनमंडल दक्षिण सागर अंतर्गत पूर्व में वर्ष 2017-18 में गोवर्धन मंदिर पहाड़ी क्षेत्र में सिटी फॉरेस्ट-01 विकसित किया गया था, जिसकी रख-रखाव अवधि पाँच वर्ष (2021-22 तक) निर्धारित थी। शासन ने स्पष्ट किया कि उक्त क्षेत्र में अधिकांश पेड़-पौधे एवं वनस्पति वर्तमान में सुरक्षित एवं जीवित हैं।
सरकार ने जानकारी दी कि सिटी फॉरेस्ट-02 (मंगलगिरी) परियोजना वर्ष 2022-23 से 2026-27 की अवधि के लिए स्वीकृत है, जिसमें विकास कार्यों के साथ-साथ रख-रखाव भी शामिल किया गया है। योजना अंतर्गत वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2025-26 के कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। वर्ष 2026-27 तक स्वीकृति अनुसार रख-रखाव कार्य जारी रखा जाएगा।
विधानसभा में उठाए गए इस प्रश्न के माध्यम से मंगलगिरी पहाड़ी क्षेत्र को व्यवस्थित सिटी फॉरेस्ट के रूप में विकसित करने तथा दीर्घकालीन संरक्षण सुनिश्चित किए जाने की स्थिति स्पष्ट हुई है, जिससे शहरवासियों को पर्यावरणीय एवं पर्यटन की दृष्टि से बेहतर हरित क्षेत्र उपलब्ध होने की उम्मीद है।











