
शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा विभिन्न ग्रामों में सात दिवसीय सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन
डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के शिक्षाशास्त्र विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की ही भांति ही इस वर्ष भी सात दिवसीय सामुदायिक कार्य का आयोजन दिनांक 17 से 26 फरवरी, 2026 तक किया जा रहा है । इस सात दिवसीय सामुदायिक कार्य में बी.ए. बी.एड./बी.एससी. बी.एड. (4 वर्षीय एकीकृत कार्यक्रम) अष्टम सेमेस्टर के सभी छात्राध्यापक/छात्राध्यापिकायें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता संबंधी विभिन्न कार्यों को विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए विभिन्न गांवो यथा पथरिया जाट, सिरोंजा, बरारू, पटकुई और मैनपानी में संपन्न किया जा रहा है । सात दिवसीय सामुदायिक कार्य के चौथे दिन यथा दिनांक 23 फरवरी को बी.ए. बी.एड./बी.एससी. बी.एड. (4 वर्षीय एकीकृत कार्यक्रम) द्वारा बरारू ग्राम में बेटियों की शिक्षा संबंधी जागरूकता रैली का आयोजन किया एवं आंगनबाड़ी में बच्चों को शिक्षा संबंधी गतिविधियाँ कराई गयीं । वहीं ग्राम मैनपानी में छात्राध्यापक/छात्राध्यापिकावों द्वारा तकनीकी जागरूकता विषय पर गाँव में कई जगहों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया । ग्राम पथरिया जाट में महिला सशक्तिकरण विषय पर गाँव के विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया । ग्राम सिरोंजा में पर्यावरण संरक्षण विषय पर रैली निकाली गयी । ग्राम पटकुई में छात्राध्यापक/ छात्राध्यापिकावों द्वारा दहेज़: एक बुराई पर एक रैली निकाली । शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो अनिल कुमार जैन ने बी.ए. बी.एड./बी.एससी. बी. एड. (4 वर्षीय एकीकृत कार्यक्रम) द्वारा संपन्न किये गए इन कार्यों की सराहना की और छात्राध्यापक/छात्राध्यापिकाओं को उनकी बेहतरीन प्रस्तुति हेतु उन्हें बधाई दी । उक्त सभी कार्य सात दिवसीय सामुदायिक कार्य के समन्वयक शिक्षाशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अभिषेक कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में किया गया ।











