विधानसभा भ्रमण पर पहुंचा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय का प्रतिनिधिमंडल — विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने छात्राओं को समझाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया

विधानसभा भ्रमण पर पहुंचा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय का प्रतिनिधिमंडल — विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने छात्राओं को समझाई लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया

सागर।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सागर स्थित शासकीय कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय सागर के 31 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल में राजनीति विज्ञान विभाग की 25 छात्राएं एवं 6 सहयोगी स्टाफ सदस्य शामिल रहे।
महाविद्यालय परिवार द्वारा सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन से विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही दिखाने एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से अवगत कराने का आग्रह किया गया था। इस पर विधायक श्री जैन ने छात्राओं को विधानसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया तथा संवैधानिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को बताया कि किस प्रकार जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण, शून्यकाल तथा याचिकाओं के माध्यम से सरकार के समक्ष उठाते हैं। साथ ही विधायक जैन ने प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा भवन का भ्रमण कराते हुए उसकी संरचना, कार्यप्रणाली एवं विशेषताओं से भी अवगत कराया।
भ्रमण उपरांत छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को नजदीक से समझने का अवसर मिलने पर उत्साह व्यक्त करते हुए विधायक शैलेन्द्र जैन का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता त्रिपाठी, डॉ. संजय खरे, डॉ. अंशु सोनी, डॉ. प्रहलाद अहिरवार, हर्ष ताम्रकार, तुलसी यादव सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

Read More