
जिस राष्ट्र के लोग अपना धर्म और संस्कृति छोड़ देते हैं वह राष्ट्र बिना युद्ध के ही नष्ट हो जाता है – पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह
देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया के जन्मदिन पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम को संबोधित किया
देवरी। जिस राष्ट्र के लोग अपने धर्म और संस्कृति को छोड़ देते हैं वह राष्ट्र बिना युद्ध के ही नष्ट हो जाता है।भाजपा कार्यकर्ता राजनीति से नहीं राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत होता है। सिद्धांत,मूल्य, राष्ट्र और राष्ट्रप्रेम और सेवा के लिए संकल्प भाजपा के कार्यकर्ता की पहचान है। यह उद्गार पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया के जन्मदिन पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मान दिवस पर अपने संबोधन में व्यक्त किए।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि 2003 में भाजपा सरकार आने के बाद देवरी क्षेत्र के विकास का युग आरंभ हुआ। आज सागर से सिर्फ 40 मिनट में देवरी पहुंचा जा सकता है क्योंकि प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेई का बनाया गया स्वर्णिम चतुर्भुज फोर लेन यहां से निकला है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने देवरी के गांव गांव को मुख्य सड़क से जोड़ दिया है। कांग्रेस के शासनकाल में 2003 तक देवरी विधानसभा क्षेत्र में सरकारी स्रोतों से सिंचाई का रकबा मात्र 2800 हेक्टेयर था। 20 साल बाद देवरी विधानसभा क्षेत्र में कुल सिंचित 60,000 हेक्टेयर कृषि भूमि में से 29000 हेक्टेयर रकबा सरकारी स्रोतों से सिंचित हो रहा है। यहां आज 40 सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत हैं जिनमें से 25 पूर्ण हो चुकी हैं और 11 सिंचाई परियोजनाओं का कार्य संचालित है। यह सब भाजपा की सरकार ने संभव किया है।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज देवरी विधानसभा क्षेत्र में गांव गांव नल जल योजनाओं का पानी जलजीवन मिशन से पहुंचा है। कांग्रेस के समय किलोमीटरों दूर से माताएं बहिनें पीने का पानी भर कर लाती थीं। बीमारों के लिए तब कोई योजना नहीं थी लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आयुष्मान भारत योजना लाकर 5 लाख तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और दुनिया के अर्थशास्त्रियों का मानना है कि शीघ्र ही भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सब ऐसे विकास की कहानी है जिसके साथ साथ भाजपा सरकार ने देश की धर्म, संस्कृति,आध्यात्म, सांस्कृतिक वैभव को संवर्धित और संरक्षित करते हुए किया है। आज अयोध्या में 500 के संघर्ष के बाद बना भव्य राममंदिर काशी-विश्वनाथ कारीडोर, उज्जैन का महाकाल लोक जैसे दुनिया को यह संदेश देते हैं कि भारत भगवान श्रीराम का देश है जो रामराज्य की संकल्पना से अनुप्राणित है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता का दायित्व है कि विकास और सुशासन के संदेश को जनता तक पहुंचाएं और सांस्कृतिक वैभव की पुनर्स्थापना के साथ विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान करें।
पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया ऐसे स्वाभिमानी और विलक्षण व्यक्तित्व के धनी हैं जिन्होंने मेरे माध्यम से भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करते समय तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष किसी पद या टिकट की शर्त नहीं रखी थी बल्कि यह कहा था कि मैं एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में भाजपा के लिए काम करना चाहता हूं। बाद में पार्टी ने उन्हें देवरी से चुनाव लड़ाया। उन्होंने कहा कि अपना जन्मदिन कार्यकर्ताओं के सम्मान दिवस के रूप में मनाना, मालाएं नहीं पहनने तथा जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया ने लिया है जो स्वागत व सराहना के योग्य निर्णय है। उन्होंने कहा कि विधायक पटैरिया की विद्वता और ज्ञान अनुकरणीय है। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधायक पटैरिया के जन्मदिन पर उनको रुद्राक्ष धाम मंदिर के दक्षिण मुखी हनुमान जी को प्राण-प्रतिष्ठा के समय पहनाया गया अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दमोह संसदीय क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि पहले जब जन्मदिन मनाया जाता था तो उसका स्वरूप कुछ और होता था और समय के साथ-साथ चीज बदली और प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद जन्मदिन सेवा के रूप में मानने लगे हम लोग इसका उदाहरण आदरणीय भूपेंद्र सिंह ने दिया है। कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह, सांसद राहुल सिंह लोधी सहित सभी अतिथियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया।
कार्यक्रम को दमोह सांसद राहुल सिंह, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, विधायक श्री बृजबिहारी पटैरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, ग्रामीण जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, जिला पंचायत सभापति श्री हीरा सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल ढिमोले ने किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सुश्री प्रियंका पटैरिया, जिला महामंत्री श्रीमती उमादेवी खटीक, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती ऊषा उमेश श्रीवास्तव, प्रीतम सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्रीमती रानी पटेल, जिला मंत्री महेश पाठक, जिला मंत्री राजेंद्र मिश्रा, भगवत पटेल, संदीप जैन बबलू सिनेमा, डा बलदेव लोधी, वैभव बिलथरे, अशोक साहू, शिवराज सिंह बेरखेड़ी, शैलेंद्र सिंह, नरेश पांडे, जाहर सिंह सीरि, मंडल अध्यक्ष देवरी मोंटू राजपूत, मंडल अध्यक्ष केसली रामलखन सिंह, मंडल अध्यक्ष सहजपुर पुष्पेन्द्र आदिवासी, मंडल अध्यक्ष गौरझामर देवेंद्र सिंह लोधी, मंडल अध्यक्ष अनंतपुरा लखन साहू, पार्टी के सभी ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।











