
डॉ. हरिसिंह गौर विवि के शोधार्थी मनोहर चौधरी को मिला प्रतिष्ठित ‘यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड’
भोपाल/सागर: राजधानी भोपाल में 26 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई 41वीं मध्य प्रदेश युवा वैज्ञानिक कांग्रेस (41st MP Young Scientist Congress) में डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर को एक बड़ी गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग के होनहार शोधार्थी मनोहर चौधरी को गणित के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट शोध के लिए ‘यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड’ (युवा वैज्ञानिक पुरस्कार) से सम्मानित किया गया है।
मनोहर चौधरी ने इस भव्य वैज्ञानिक सम्मेलन में अपना शोध पत्र “जनरलाइज्ड (k,m) हेरॉन प्रॉब्लम” (Generalized (k,m) Heron Problem) प्रस्तुत किया था, यह शोध केवल सैद्धांतिक गणित तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका व्यापक उपयोग उद्योग, शहरी विकास, प्रौद्योगिकी और दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान में किया जा सकता है। यह शोध आधुनिक ऑप्टिमाइजेशन तकनीकों को मजबूत बनाता है और जटिल वास्तविक समस्याओं के लिए प्रभावी गणितीय समाधान प्रदान करता है।
उनके इस जटिल और महत्वपूर्ण विषय पर किए गए शानदार प्रस्तुतीकरण (Paper Presentation) को निर्णायक मंडल द्वारा काफी सराहा गया, जिसके फलस्वरूप उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया।
यह सम्मान उन्हें कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. आशुतोष कुमार सिंह (निदेशक, IIIT भोपाल), डॉ. अनिल कोठारी (महानिदेशक, MPCST), डॉ. आर.एस. भारद्वाज (समन्वयक) तथा डॉ. मनोज के. राठौर (संयोजक) उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने मनोहर को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मनोहर चौधरी ने इस सफलता का श्रेय अपने शोध निर्देशक डॉ. आर. के. पाण्डेय एवं डॉ. त्रिलोकी नाथ को देते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। साथ ही उन्होंने गणित विभाग के सभी संकाय सदस्यों का भी हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने समय-समय पर उन्हें मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान किया।
गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. आर. के. गंगेले ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विभाग के अन्य शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी। इस सम्मान से न केवल विश्वविद्यालय के गणित विभाग का नाम रोशन हुआ है, बल्कि पूरे सागर शहर में भी गर्व और खुशी का वातावरण है।











