
लक्ष्मीपुरा एवं पूर्वयाऊ वार्ड के निकासी मार्ग बंद होने पर रहवासियों ने विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा ज्ञापन
सागर।नगर के लक्ष्मीपुरा वार्ड एवं पूर्वयाऊ वार्ड के रहवासियों ने पार्षद प्रतिनिधि नीरज जैन गोलू एवं अमन चौरसिया के नेतृत्व में निकासी मार्ग अवरुद्ध किए जाने की समस्या को लेकर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को ज्ञापन सौंपकर आवागमन यथावत बनाए रखने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि लक्ष्मीपुरा एवं पूर्वयाऊ वार्ड से सटी पुरानी पुलिस लाइन क्षेत्र में पुलिस क्वार्टर्स निर्मित हैं, जहां से लंबे समय से स्थानीय नागरिकों का आवागमन होता रहा है। वर्तमान में पुलिस प्रशासन द्वारा बाउंड्री वॉल निर्माण कर मार्ग को बंद किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने तत्काल पुलिस अधीक्षक विकास सहवाल से दूरभाष पर चर्चा कर आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निकासी हेतु मार्ग छोड़े जाने का आग्रह किया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि आमजन के आवागमन को प्रभावित न होने देने के उद्देश्य से वहां एक गेट का निर्माण कराया जाएगा, जिससे लोगों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रहेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नरेंद्र नामदेव, उभय मिश्रा, मंजू ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











