
होली पर सागर पुलिस की कड़ी निगरानी, उल्लंघन पर होगी त्वरित कार्रवाई…… तीसरी आंख से होगी निगरानी
“उत्सव खुशियों का, समझौता नहीं कानून से”
सागर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सागर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में जिलेभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। 24×7 मॉनिटरिंग, सघन चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रमुख तिराहों-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पैदल पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान सहित सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्धों और बदमाशों पर नजर
कटरबाज, गुंडा तत्व, निगरानी बदमाश और आदतन अपराधियों की विशेष जांच की जा रही है। जिला बदर और प्रतिबंधित बदमाशों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। होटल, लॉज, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है।
सख्त वाहन चेकिंग
नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर न्यूनतम 10 हजार रुपए का चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ट्रिपल सवारी, ओवर स्पीड, स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन संचालन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी। बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर नियमानुसार चालान किया जाएगा। हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24×7 मॉनिटरिंग की जा रही है। भ्रामक, सांप्रदायिक या आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। आपराधिक गतिविधियों से संबंधित रील या वीडियो बनाकर प्रचार करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विशेष इंतजाम
वर्तमान में संचालित बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष पुलिस व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के पास अनावश्यक भीड़, डीजे या तेज ध्वनि करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। विद्यार्थियों को शांत और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
डीजे और ध्वनि नियंत्रण
निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे बजाने या अत्यधिक तेज ध्वनि में साउंड सिस्टम चलाने पर उपकरण जब्त कर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शांति और सौहार्द की अपील
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Byte: संजीव कुमार उईके, ASP











