होली खेलने निकले युवक का टाइगर रिजर्व में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

होली खेलने निकले युवक का टाइगर रिजर्व में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सागर। जिले के रहली थाना क्षेत्र में वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के जंगल में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़ी मिली, जबकि उसका शव जंगल के अंदर पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रहली-जबलपुर मार्ग पर स्थित ग्राम मुहली के पास टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वनकर्मी गश्त पर निकले थे। इस दौरान सड़क किनारे एक टू-व्हीलर खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर जब उन्होंने आसपास तलाश की तो कुछ दूरी पर जंगल में एक युवक का शव पड़ा मिला। इसके बाद वनकर्मियों ने तुरंत रहली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। मौके पर खड़ी बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान विकास सिंह राजपूत (30) निवासी बाईसा मोहल्ला, सागर के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गुरुवार दोपहर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
60 किलोमीटर दूर कैसे पहुंचा, परिजन हैरान
मृतक के भाई अविनाश सिंह ने बताया कि विकास बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। फोन लगाने पर उसका मोबाइल बंद जा रहा था। इसी बीच पुलिस से सूचना मिली कि उसका शव रहली क्षेत्र में मिला है। उन्होंने बताया कि सागर से रहली की दूरी करीब 60 किलोमीटर है, ऐसे में वह वहां कैसे पहुंचा, यह समझ से परे है।
परिजनों का कहना है कि विकास की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और वह शराब भी नहीं पीता था। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी षड्यंत्र के तहत उसकी हत्या की गई है। घटनास्थल पर युवक की चप्पल और एयरफोन भी मिले हैं, जबकि बाइक की चाबी गायब थी।
शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
पोस्टमार्टम करने वाले शासकीय ड्यूटी डॉक्टर डॉ. संदीप आष्टी ने बताया कि युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया किसी धारदार या नुकीली वस्तु से वार किए जाने की आशंका है। हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल रहली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Byte: संदीप असाटी, ड्यूटी डॉक्टर
Byte: अविनाश, मृतक का भाई

Leave a Comment

Read More