
डायल 112 जिला सागर
दिनांक 07/03/26
दो अलग-अलग घटनाओं में डायल-112 की तत्परता ने बचाई जान — सागर कंट्रोल रूम एवं एफआरवी टीम की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर मिला उपचार
दोनों घटनाओं के परिवारजनों ने डायल 112 टीम को दिया धन्यवाद
सागर। जिले में डायल-112 सेवा एक बार फिर आमजन के लिए संजीवनी साबित हुई। दो अलग-अलग घटनाओं में मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों को डायल-112 पुलिस की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता के चलते तत्काल अस्पताल पहुँचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया। इस सराहनीय कार्य में डायल-112 कंट्रोल सागर एवं मौके पर तैनात एफआरवी टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
1. थाना बंडा क्षेत्र में घायल को तत्काल अस्पताल पहुँचाया
दिनांक 07 मार्च 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना बंडा क्षेत्र अंतर्गत रुरावन पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया है। सूचना मिलते ही तत्काल थाना बंडा में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक नरेन्द्र एवं पायलट सोने सिंह लोधी ने देखा कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया था। डायल-112 जवानों ने बिना समय गंवाए घायल को एफआरवी वाहन से बंडा अस्पताल पहुँचाकर भर्ती कराया, जहाँ उसका उपचार प्रारंभ किया गया। साथ ही घायल के परिजनों को भी घटना की सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया।
- थाना राहतगढ़ क्षेत्र में पुल से गिरने पर बुजुर्ग की बचाई जान
इसी दिन थाना राहतगढ़ क्षेत्र अंतर्गत चंद्रपुर गाँव के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित पुल से नीचे गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल से तत्काल राहतगढ़ में तैनात एफआरवी वाहन को सहायता के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक वैभव शुक्ला एवं पायलट अभिषेक पाल ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को सुरक्षित पुल के नीचे से ऊपर निकाला और तत्काल राहतगढ़ अस्पताल पहुँचाकर भर्ती कराया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका। बाद में घायल बुजुर्ग के परिजनों को भी सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया।
डायल-112 सेवा बनी आमजन के लिए भरोसे का माध्यम
दोनों घटनाओं में डायल-112 कंट्रोल सागर की त्वरित सूचना प्रेषण प्रणाली एवं एफआरवी स्टाफ की सक्रियता के कारण घायलों को समय पर उपचार मिल सका। पुलिस की इस तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
सागर पुलिस द्वारा संचालित डायल-112 सेवा लगातार आपात परिस्थितियों में नागरिकों की मदद कर उनकी सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। 🚔











