
नाबालिग छात्रा पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
सागर। शहर में एक नाबालिग छात्रा पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि छात्रा परीक्षा देकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में आरोपी युवक ने उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी पहले से ही छात्रा को परेशान करता था। इस संबंध में परिजनों द्वारा आरोपी के परिवार से शिकायत भी की गई थी, लेकिन इसके बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मौका पाकर उसने छात्रा पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।
हमले में छात्रा के चेहरे, पीठ और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर पर करीब 100 टांके आए हैं। घायल छात्रा को तत्काल इलाज के लिए सागर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़ित छात्रा दोनों सेमराबाग क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।











