
बीएमसी में अब रोजाना लगेगी ‘पेन क्लिनिक’ ओपीडी, पुराने दर्द से मरीजों को मिलेगी तुरंत राहत
सागर, 07 मार्च 2026 बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के एनेस्थीसिया विभाग द्वारा संचालित ‘पेन क्लिनिक’ की सुविधाओं में विस्तार किया गया है। मरीजों, विशेषकर बुजुर्गों की सुविधा को देखते हुए अब इस क्लिनिक का संचालन रोजाना ऑर्थोपेडिक्स ओपीडी (कक्ष क्रमांक-1) में किया जाएगा।
शुक्रवार, 6 मार्च को विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. सर्वेश जैन एवं डॉ. शशिबाला चौधरी ने भगवान धन्वन्तरि का पूजन कर नए कक्ष में सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया।
डॉ. सर्वेश जैन ने बताया कि ऐसे मरीज जो तीन महीने से अधिक पुराने दर्द से परेशान हैं, वे इस क्लिनिक में परामर्श ले सकते हैं। मुख्य रूप से गर्दन और कमर का पुराना दर्द, साइटिका और नसों का दर्द, कैंसर से होने वाला असहनीय दर्द,
जोड़ों का पुराना दर्द आदि।
पेन क्लिनिक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ बिना किसी बड़े ऑपरेशन के इलाज किया जाता है। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दर्द वाले हिस्से पर विशेष सुई (Injection) के माध्यम से ब्लॉक देकर राहत पहुंचाई जाती है। इसमें मरीज को अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं होती और वह उपचार के तुरंत बाद अपने दैनिक कार्यों पर लौट सकता है।
पहले ही दिन मिली सफलता
नए कक्ष में संचालन के पहले दिन डॉ. दीपक गुप्ता द्वारा साइटिका और कमर दर्द से पीड़ित एक मरीज का ‘डिस्टल सोडियम चैनल ब्लॉक’ के जरिए सफल उपचार किया गया, जिससे मरीज को तत्काल आराम मिला।
मीडिया प्रभारी डॉ सौरभ जैन ने बताया कि मरीज रोजाना सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक कक्ष नंबर-1 (भू-तल) में विशेषज्ञों से परामर्श ले सकते हैं। पहले यह सेवा मेजर ओटी कॉम्प्लेक्स में संचालित होती थी, जहाँ पहुँचने में वृद्ध मरीजों को कठिनाई होती थी, अतः अब इसे और सुलभ बनाया गया है।
डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने एनेस्थीसिया विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य मरीजों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान करना है। यह सुविधा बीएमसी में आने वाले दूर-दराज के मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह की मरीज-हितैषी सुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए।











