
कलेक्टर संदीप जी आर की अपील
एचपीवी टीकाकरण अभियान: सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पहल— कलेक्टर
सागर 09 मार्च 2026
कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान जारी है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण कराएं, जिन्होंने 14 वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन 15 वां जन्मदिन नहीं मनाया है। उन्होंने बताया कि जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए, स्वास्थ्य विभाग ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा) की प्रभावी रोकथाम करना है।
यह अभियान 28 फरवरी 2026 से शुरू किया गया है जिसमें 14 से 15 वर्ष की किशोरियाँ, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है लेकिन 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण कराया जा रहा है। यह टीकाकरण कार्यक्रम आगामी तीन माह तक, शासकीय अवकाश को छोड़कर निरंतर संचालित किया जायेगा। भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है और निःशुल्क प्रदान की जा रही है।
कलेक्टर संदीप जी आर ने बताया कि जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बंडा, बीना, देवरी, जिला अस्पताल, गढ़ाकोटा, जैसीनगर, केसली, खुरई, मालथौन, मंडी बामोरा, राहतगढ़, रहली, शाहगढ़, सुरखी, उप स्वास्थ्य केन्द्र मकरोनिया एवं पॉलीक्लीनिक चमेली चौक में टीकाकरण केन्द्र स्थापित किए गए हैं। टीकाकरण प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। जिसमें निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी। टीकाकरण के पश्चात प्रत्येक बालिका को 30 मिनट तक चिकित्सकीय अवलोकन में रखा जाएगा। अभियान की अवधि में प्रतिदिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
टीकाकरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए सरकार ने U-WIN पोर्टल में पंजीकरण की सुविधा दी है। अभिभावक घर बैठे अपनी बेटी का पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैंसर विशेषज्ञों (Oncologists) के अनुसार, भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसर से होने वाली मौतों में सर्वाइकल कैंसर एक प्रमुख कारण है। “ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के कारण होने वाला यह कैंसर एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसे वैक्सीन के जरिए पूरी तरह रोका जा सकता है। सही समय पर (शादी से पहले की उम्र में) लगा टीका जीवनभर की सुरक्षा प्रदान करता है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने तथा अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएँ इस अभियान का लाभ प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर संदीप जी आर ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित टीका है। एचपीवी संक्रमण महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन विशेष रूप से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए अधिक लाभकारी होती है और निर्धारित समय पर डोज लगवाना आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं और अभिभावकों को समझाया कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसे स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेषज्ञों की निगरानी में लगाया जाता है। इस टीके से किसी प्रकार का डर या भ्रम रखने की आवश्यकता नहीं है। वैक्सीनेशन के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।











