
मायके में रह रही महिला ने 5 साल की बेटी संग कुएं में कूदकर दी जान
मायके पक्ष ने पति पर लगाए प्रताड़ना के आरोप, पुलिस जांच में जुटी
सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हिंन्नोद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मायके में रह रही 29 वर्षीय महिला ने अपनी 5 वर्षीय बेटी के साथ खेत में बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जैसीनगर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
जानकारी के अनुसार सीमा पाल (29) पत्नी भागीरथ पाल निवासी ग्राम नाहरमऊ, थाना केसली, अपनी पांच वर्षीय बेटी प्रियांशी के साथ करीब एक महीने से मायके ग्राम हिंन्नोद में रह रही थी। बुधवार दोपहर वह अपनी बेटी के साथ खेत की ओर गई थी। इसी दौरान उसने बेटी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।
मृतिका के भाई संजू पाल ने बताया कि सीमा की शादी करीब आठ वर्ष पहले भागीरथ पाल से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था और पति द्वारा मारपीट भी की जाती थी। इसकी शिकायत महिला थाने में भी की गई थी। इसी वजह से सीमा कुछ समय से मायके में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि पति की प्रताड़ना के कारण वह मानसिक तनाव में थी।
वहीं पति भागीरथ पाल ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि ससुर की तबीयत खराब होने के कारण वह करीब एक महीने पहले पत्नी को मायके छोड़कर आया था और दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती रहती थी।
जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि महिला और बच्ची के कुएं में गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और बयानों व तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Byte: मृतिका के परिजन











