
कलेक्टर की अभिनव पहल
1 अप्रैल को किसान भाइयों के साथ उपार्जन केन्द्रों पर होगी मॉक रन
उपार्जन केंद्र पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की किसान भाई करेंगे जांच
उपार्जन के लगभग 10 दिन पूर्व से होगा स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था
नरवाई प्रबंधन के लिए किसानों को करें जागरूक
कलेक्टर ने किसान संघ के पदाधिकारी से किया संवाद
सागर, 13 मार्च 2026
कलेक्टर संदीप जी आर द्वारा जिले में 7 अप्रैल से शुरू होने जा रहे रबी उपार्जन के सुचारू और सफल क्रियान्वयन हेतु सक्रियता से कार्य किया जा रहा है। इसी परिपेक्ष में अभिनव प्रयोग करते हुए जिले के 176 उपार्जन केन्द्रों पर किसान भाइयों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो एवं उनको किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए कलेक्टर द्वारा अभिनव पहल करते हुए कहा कि एक अप्रैल को किसान संघों के पदाधिकारी के साथ सभी 176 उपार्जन केंद्रों पर मॉक रन किया जाएगा जिसमें सभी उपार्जन केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की चेक लिस्ट का अवलोकन किया जाएगा एवं मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जाएगी। व्यवस्थाओं में कमी होने पर संबंधित अधिकारी तत्काल उनको पूरा करने के लिए निर्देशित करेंगे एवं मौके पर ही उनको पूरा कराएंगे। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवयक निर्देश दिए।
कलेक्टर संदीप जी आर ने निर्देशित किया कि सभी उपार्जन केन्द्रों पर मुख्य रूप से पेयजल, शौचालय, धूप से बचने के लिए शेड की व्यवस्था की जावे। साथ ही आवश्यक सूचना के लिए उपार्जन केंद्र पर फ्लेक्स भी लगाए जाएं। उन्होंने बताया कि रबी उपार्जन हेतु 7 अप्रैल से लगभग 10 दिन पूर्व से स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था शासन के द्वारा शुरू की जाएगी। किसान भाई जानकारी प्राप्त होते ही अपनी बुकिंग कराएं एवं बुकिंग के द्वारा प्रदान की गई दिनांक को ही अपना उपार्जन करें। उन्होंने निर्देशित किया की मॉक रन के पूर्व सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं।
नरवाई प्रबंधन के लिए किसानों को करें जागरूक — कलेक्टर
कलेक्टर संदीप जी आर ने किसान संगठनों के विभिन्न पदाधिकारियों से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संवाद किया जिसमें किसान संगठनों के जिला अधिकारी श्री धीरज सिंह ठाकुर के साथ अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। सभी पदाधिकारियों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने कहा कि रबी उपार्जन में किसान भाइयों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए आप सभी सहयोग करें और उपार्जन केन्द्रों का लगातार निरीक्षण भी करें। नरवाई प्रबंधन के लिए किसान संगठन के पदाधिकारी किसान भाइयों को जागरूक करें साथ में कृषि विभाग के अधिकारी भी किसान संगठन के पदाधिकारियों के साथ जिले में लगातार जन जागरूकता अभियान प्रारंभ करें जिससे कि जिले में इस बार कहीं भी नरवाई जलाने की बात सामने नहीं आए। उन्होंने कहा कि जिले में आने वाले हार्वेस्टरों के संचालकों से भी लगातार संवाद किया जाए जिससे कि उनके द्वारा हार्वेस्टर के द्वारा काटी गई फसल के संबंध में नरवाई न जलाए इसके लिए सभी को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी कोई भी किसान नवाई जलता है तो उन पर तत्काल पुलिस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए एवं निर्धारित आर्थिक चालान भी किया जाए। किसान संगठन के पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष श्री धीरज सिंह ठाकुर ने कहा कि यह कलेक्टर की अभिनव पहल है इससे किसान भाइयों को उपार्जन करने में आसानी होगी और कहीं भी कोई गड़बड़ी नहीं होगी।











