
विश्वविद्यालय: हनी सोनी को मिली वाणिज्य विषय में पी-एचडी उपाधि
डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के वाणिज्य विभाग की शोधार्थी छात्रा हनी सोनी को पी-एचडी उपाधि प्राप्त हुई है. उन्होंने अपना शोध कार्य “भारत में गिग अर्थव्यवस्था का एक विश्लेषणात्मक अध्ययन : रोजगार सृजन के विशेष संदर्भ में” विषय पर किया है जिसमें गिग इकॉनमी को रोजगार के स्वरूप को बदलने में एक महत्वपूर्ण भूमिका के रूप में देखा गया है। यह शोध कार्य निर्देशक डॉ. पुष्पा सूर्यवंशी के निर्देशन में संपन्न किया गया है. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शोध निर्देशक और अपने शिक्षकों को दिया है. यह शोध गिग अर्थव्यवस्था के विकास और वृद्धि का विश्लेषण, रोजगार के अवसर पैदा करने वाले प्रमुख क्षेत्रों की पहचान, खाद्य वितरण (ओएफडी) कार्य को अपनाने के लिए प्रेरक कारकों, रोजगार सृजन में ओएफडी प्लेटफार्मों की भूमिका, श्रमिकों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, विभिन्न संभावनाओं और चुनौतियों पर केन्द्रित है। यह अध्ययन इस बात की पड़ताल करता है कि ये प्लेटफार्म स्थानीय रोजगार, विशेष रूप से युवाओं और अर्ध-कुशल श्रमिकों के लिए, किस प्रकार योगदान करते हैं। यह अध्ययन नीति निर्माताओं और हितधारकों को भोपाल जैसे शहरी क्षेत्रों में गिग-आधारित रोजगार की क्षमता और सीमाओं के बारे में जानकारी प्रदान करता है और ऐसी नौकरियों की गुणवत्ता और स्थिरता बढ़ाने के उपाय सुझाता है।











