
सागर पुलिस
दिनांक 13/03/26
*सेंट्रल बैंक में लगी आग परपुलिस की तत्परता से पाया गया *त्वरित काबू, बड़ी घटना टली*
सागर जिले के थाना बहरोल क्षेत्र में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने की घटना सामने आई, जिस पर पुलिस एवं आपात सेवाओं की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से समय रहते काबू पा लिया गया तथा संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया*
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13.03.2026 को सुबह लगभग 09 बजे कुछ स्थानीय नागरिकों द्वारा सूचना दी गई कि बैंक के अंदर से धुआं निकल रहा है। यह सूचना सबसे पहले डायल-112 राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त हुई। कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम सागर को अवगत कराया गया, जहां से बिना विलंब किए थाना बहरोल पुलिस, डायल-112 वाहन एवं फायर ब्रिगेड को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
सूचना मिलते ही थाना बहरोल पुलिस की टीम तुरंत बैंक पहुंची और बैंक अधिकारियों को बुलाकर मुख्य गेट का शटर खुलवाया। अंदर जाकर देखा गया कि बैंक परिसर में आग धधक रही थी। इस दौरान पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को अंदर पहुंचने में सहयोग किया गया और संयुक्त प्रयासों से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
समय रहते आग बुझाए जाने से बैंक में संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। बैंक अधिकारियों द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक जांच की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बहरोल उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुस्तैदी और साहस का परिचय दिया। साथ ही प्रधान आरक्षक 862 राजेश पाण्डेय, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक 33 प्रमोद बागरी, आरक्षक 1063 विवेक भार्गव तथा आरक्षक 1105 अनिल पटेल का भी सराहनीय योगदान रहा।
डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम सागर, थाना बहरोल पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की संयुक्त और त्वरित कार्रवाई के कारण बैंक में लगी आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और आपात सेवाओं की इस तत्परता, सूझबूझ और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी जन-धन हानि को रोका जा सका। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि सागर पुलिस आपात परिस्थितियों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तैयार रहती है।











