शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर

शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर

कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन: ‘बुंदेलखंड के लोक-हृदय में श्रीराम’ विषय पर जुटेंगे देश-दुनिया के विद्वान

​सागर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय, सागर में आगामी 16 एवं 17 मार्च को दो दिवसीय भव्य राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। ‘बुंदेलखंड के लोक-हृदय में श्रीराम’ विषय पर केंद्रित इस संगोष्ठी में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात विद्वान, साहित्यकार और शिक्षाविद शामिल होकर श्रीराम के लोक-व्यापी स्वरूप पर मंथन करेंगे। प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के संरक्षण में यह आयोजन कुल छह सत्रों में संपन्न होगा।

​संगोष्ठी का भव्य उद्घाटन सोमवार, 16 मार्च को सुबह 11:00 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सागर विधायक शैलेंद्र जैन होंगे, जबकि अध्यक्षता रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. विनोद मिश्र करेंगे। उद्घाटन सत्र में वृंदावन बाग के महंत श्री नरहरिदास महाराज एवं राम दरबार मकरोनिया के महंत श्री केशव गिरी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा। इस सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी उपस्थित रहेंगे। विषय प्रवर्तन प्रख्यात विद्वान डॉ. श्यामसुंदर दुबे करेंगे तथा मुख्य वक्ता के रूप में हिंदी ग्रंथ अकादमी के निदेशक डॉ. अशोक कड़ेल अपने विचार रखेंगे।

​नार्वे के साहित्यकार और स्थानीय विद्वानों का रहेगा जमावड़ा

​संगोष्ठी के द्वितीय सत्र में बुंदेलखंड के ऐतिहासिक पटल पर श्रीराम की भूमिका पर चर्चा होगी, जिसमें नार्वे से पधारे प्रवासी साहित्यकार डॉ. सुरेश चंद्र शुक्ला मुख्य वक्ता होंगे। इसकी अध्यक्षता भोपाल के पंडित प्रभु दयाल मिश्रा करेंगे। तृतीय सत्र में बुंदेलखंड की सांस्कृतिक परंपराओं पर डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. चंदा बेन मुख्य वक्तव्य देंगी, जिसकी अध्यक्षता डॉ. राधावल्लभ शर्मा करेंगे। प्रथम दिन के अंतिम चरण में एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया है, जिसमें अवधकिशोर जड़िया, विनोद मिश्रा, अशोक मिजाज और चित्रांश खरे जैसे प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं से श्रीराम के लोक-रुप को जीवंत करेंगे।

​राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव का भी होगा मुख्य वक्तव्य

​संगोष्ठी के दूसरे दिन का प्रथम सत्र ‘बुंदेलखंड की साहित्यिक कृतियों में श्रीराम’ पर आधारित होगा। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे तथा अध्यक्षता डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. यशवंत सिंह ठाकुर करेंगे। समापन सत्र में ‘बुंदेलखंड के लोक-जीवन में श्रीराम’ पर तात्या टोपे विश्वविद्यालय गुना के कुलगुरू डॉ. किशन यादव मुख्य वक्तव्य देंगे, जिसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. नीरज दुबे करेंगे।

​इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं संगोष्ठी समन्वयक डॉ. शक्ति जैन, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. शुचिता अग्रवाल, आयोजन सचिव डॉ. अभिलाषा जैन, संयोजक डॉ. अवधेश प्रताप सिंह सहित डॉ. राणा कुंजर सिंह, सुरेंद्र यादव और डॉ. प्रकाश कुशवाहा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। महाविद्यालय की मीडिया समिति के डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता एवं महाविद्यालय परिवार ने इस बौद्धिक समागम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं व रिसर्च स्कॉलर्स के साथ-साथ सभी साहित्य प्रेमियों और जिज्ञासुओं से भी इस विराट संगोष्ठी में उपस्थित होने की अपील की है। प्राचार्य जी के निर्देशानुसार भवदीय डॉ संदीप सबलोक

Leave a Comment

Read More