सागर पुलिस का अभिनव प्रयास – “एक वक्त अपना भी”: पुलिस कर्मियों के तनाव प्रबंधन के लिए अनूठी पहल

सागर पुलिस दिनांक 14/03/26

सागर पुलिस का अभिनव प्रयास – “एक वक्त अपना भी”: पुलिस कर्मियों के तनाव प्रबंधन के लिए अनूठी पहल

सागर। पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं दायित्वपूर्ण कार्य है, जिसमें दिन-रात कर्तव्य निर्वहन के कारण पुलिस कर्मियों पर मानसिक एवं शारीरिक दबाव बना रहता है। इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए एसडीओपी बंडा  प्रदीप वाल्मीकि द्वारा पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन के लिए एक सराहनीय और अभिनव पहल की गई है। इस पहल के अंतर्गत “एक वक्त अपना भी” नाम से विशेष साप्ताहिक कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।
इस कार्यक्रम का प्रबंधन पुलिस कंट्रोल रूम सागर से उप निरीक्षक RKS चौहान के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यस्त ड्यूटी के बीच मानसिक रूप से सशक्त बनाना, सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करना तथा तनाव को कम करने के लिए प्रभावी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम की विशेषता

कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसे स्पेशल डीजी टेलीकॉम द्वारा विशेष रूप से मध्यप्रदेश पुलिस के लिए तैयार की गई “आ हा (AHA) एप्लिकेशन” के माध्यम से ऑनलाइन संचालित किया जा रहा है। इस अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले प्रतिष्ठित अतिथियों को ऑनलाइन जोड़ा जा रहा है, जो पुलिस कर्मियों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, जीवन संतुलन और प्रेरणा से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
पिछले चार सप्ताह से प्रत्येक शनिवार शाम आयोजित हो रही इस कार्यशाला में अब तक कई विशिष्ट अतिथियों ने अपने अनुभव साझा कर सागर पुलिस को लाभान्वित किया है। इनमें
प्रख्यात मनोवैज्ञानिक चन्द्रप्रभा, जैन(पूर्व मनोविज्ञान व्याख्याता)

चन्द्रप्रभा, जैन(पूर्व मनोविज्ञान व्याख्याता)

प्रसिद्ध हास्य कलाकार  एहसान कुरेशी,

पूर्व पुलिस महानिदेशक  राजेंद्र कुमार,

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर  लोकेश कुमार सिन्हा

जैसे विशिष्ट वक्ताओं ने पुलिस कर्मियों को तनावमुक्त रहने, सकारात्मक सोच विकसित करने और कर्तव्य के साथ जीवन संतुलन बनाए रखने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे अत्यंत उपयोगी बताया। विशेषज्ञों द्वारा साझा किए गए अनुभव, प्रेरक प्रसंग और व्यावहारिक सुझावों से पुलिस कर्मियों को मानसिक रूप से सशक्त होने तथा अपने दायित्वों को और अधिक ऊर्जा एवं सकारात्मकता के साथ निभाने की प्रेरणा मिली।
सागर पुलिस का यह प्रयास पुलिस बल के भीतर मानसिक स्वास्थ्य, आपसी संवाद और सकारात्मक कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को जोड़कर पुलिस कर्मियों को लगातार मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान की जाती रहेगी।
“एक वक्त अपना भी” कार्यक्रम सागर पुलिस की उस संवेदनशील सोच को दर्शाता है, जिसमें कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत संतुलन को भी समान महत्व दिया जा रहा है।

Leave a Comment

Read More