
विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में फाइव-फंक्शन युक्त दो आधुनिक पलंग के साथ नए वार्ड का शुभारंभ
सागर| डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में एक नए वार्ड का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की यूटीडी शाखा के सहयोग से मरीजों की सुविधा हेतु फाइव-फंक्शन युक्त दो आधुनिक पलंग उपलब्ध कराए गए। इनमें से एक पलंग मैनुअल तथा एक ऑटोमेटिक है। इन पलंगों की उपलब्धता से भविष्य में मरीजों के उपचार एवं देखभाल में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी। साथ ही इनका उपयोग विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों तथा रक्तदान शिविरों के आयोजन में भी किया जा सकेगा।
नए वार्ड का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एस.पी. उपाध्याय द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर श्री सुनील कुमार सिंह (रीजनल बिजनेस ऑफिस, सागर) के साथ संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं के विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से विश्वविद्यालय परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रदान किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय और बैंक के मध्य इस प्रकार के जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार जैन ने एसबीआई के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक के सहयोग से प्राप्त इन आधुनिक पलंगों से मरीजों को अधिक सुविधा और बेहतर देखभाल उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की चीफ मैनेजर श्रीमती अंकिता मिश्रा (रीजनल बिजनेस ऑफिस, सागर), डॉ. भूपेंद्र कुमार पटेल, एसबीआई यूटीडी ब्रांच के मैनेजर श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव श्री अरुण सारोठिया, श्री जयप्रकाश श्री प्रमोद पटेल अभिषेक रैकवार शिवांग ताम्रकार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं एसबीआई यूटीडी शाखा के अनेक अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस पहल को विश्वविद्यालय और बैंक के बीच सामाजिक सहयोग का एक सराहनीय उदाहरण बताया गया।











