
आस्था को सम्मान, पाटन को नई पहचान: विधायक लारिया ने किया 35 लाख के कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण
सागर /18.03.2026: राजनीति जब सेवा का माध्यम बनती है, तो भूगोल बदलने लगता है। नरयावली विधानसभा में पिछले 17 वर्षों से जारी विकास का ‘महायज्ञ’ अब पूर्णता की ओर अग्रसर है। इसी कड़ी में, जनप्रिय विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने ग्राम पंचायत पाटन में 35 लाख से अधिक की लागत वाले 7 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर क्षेत्र को प्रगति की नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। विधायक लारिया की विकास दृष्टि का अनूठा संगम पाटन में देखने को मिला, जहाँ उन्होंने एक ओर आध्यात्मिक चेतना के केंद्रों को संवारा, तो दूसरी ओर आवागमन की बाधाओं को दूर किया। खैर माता मंदिर (1.50 लाख), शनिदेव मंदिर (75 हजार), हनुमान मंदिर (50 हजार) और राधा कृष्ण मंदिर (1.50 लाख) में नवनिर्मित चबूतरों का लोकार्पण हुआ। ये केवल चबूतरे नहीं, बल्कि ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक बैठकों के सशक्त आधार स्तंभ बनेंगे।
पाटन की आंतरिक सड़कों का चेहरा बदलने के लिए 25 लाख की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन हुआ। साथ ही, मुख्य मार्ग से आंगनवाड़ी तक (4 लाख) और मुक्तिधाम (2.50 लाख) तक होने वाले सीसी निर्माण कार्यों ने अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित की है।
विधायक लारिया का कार्यकाल नरयावली के इतिहास में ‘विकास के स्वर्ण युग’ के रूप में दर्ज हो रहा है। 17 वर्षों पूर्व जो विधानसभा बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसती थी, आज वह अपनी ‘क्रमबद्ध’ और ‘श्रृंखलाबद्ध’ कार्यशैली के कारण प्रदेश में एक मॉडल के रूप में उभरी है। विधायक लारिया ने न केवल सड़कें बनवाईं, बल्कि क्षेत्र के मान-सम्मान और विकास के नए सोपानों को गढ़ने का काम किया है।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि “विकास की लकीर कागजों पर नहीं, जमीन पर खिंची जानी चाहिए। पाटन के विकास की यह श्रृंखला उसी कड़ी का हिस्सा है, जिससे हम नरयावली को आत्मनिर्भर और आधुनिक विधानसभा बनाने की ओर बढ़ रहे हैं।”
अपने चिर-परिचित अंदाज में विधायक लारिया ने पाटन की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि विकास उनके लिए केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है। उनके ओजस्वी उद्बोधन ने उपस्थित जनसमूह में यह विश्वास जगाया कि क्षेत्र का नेतृत्व एक सजग और समर्पित हाथ में है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री चैन सिंह , मंडल अध्यक्ष सोहन लोधी , नारद यादव ,कृष्ण मुरारी यादव , राम सिंह यादव , बलराम साहू , सरपंच कीरत सिंह , रूप सिंह दादा, राघवेंद्र सिंह , सरपंच रामगोपाल सोनी , मुरारी यादव , चंद्रभान यादव , कलू नेता , राजकुमार शर्मा ,सहित भाजपा के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











